गिरिडीह-जमुआ मार्ग पर वाहनों से लाखों की लूट
गिरिडीह-जमुआ सड़क मार्ग पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कोबाड़ मोड़ के आगे हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने बीती रात आधा दर्जन से अधिक यात्री वाहनों से करीब तीन लाख रुपए से अधिक नगदी व जेवरात लूट लिए।
गिरिडीह : गिरिडीह-जमुआ सड़क मार्ग पर मुफस्सिल थाना क्षेत्र के कोबाड़ मोड़ के आगे हथियारबंद नकाबपोश अपराधियों ने बीती रात आधा दर्जन से अधिक यात्री वाहनों से करीब तीन लाख रुपए से अधिक नगदी व जेवरात लूट लिए। अपराधियों ने इस दौरान यात्रियों से मारपीट भी की। लूट के शिकार लोगों में भाकपा माले के नेता मुस्तकीम अंसारी भी शामिल हैं। माले नेता के साथ भी मारपीट की गई है। साथ ही उनकी अल्टो कार को भी क्षतिग्रस्त कर दिया गया। पूर्व विधायक विनोद सिंह की सूचना पर बाद में पुलिस मौके पर पहुंची। पुलिस को आते देख अपराधी जंगल की ओर भाग गए। घटना के संबंध में बताया जाता है कि करीब दो दर्जन से अधिक सड़क डकैतों ने शुक्रवार की रात करीब 11 बजे कोबाड़ मोड़ एवं बड़मुक्का गांव के बीच गिरिडीह-जमुआ मुख्य सड़क को पेड़ के डाल गिराकर जाम कर दिया था। सड़क जाम कर अपराधी गिरिडीह एवं जमुआ दोनों ओर से आ रहे वाहनों को एक-एक कर लूट रहे थे। रात करीब साढ़े 11 बजे बिरनी के कुमारपिटनी निवासी एवं माले नेता मुस्तकीम अंसारी अपने एक रिश्तेदार को अल्टो कार से छोड़ने पचंबा जा रहे थे। उन्होंने देखा कि वहां दो बड़ी बसें एवं चार छोटी यात्री गाड़ियां रुकी हुई थी। अभी वे कुछ समझ पाते इसके पहले ही अपराधियों ने उन्हें एवं उनके रिश्तेदार को अपने कब्जे में ले लिया। दोनों से मारपीट भी की। उनके पास से 22 सौ रुपए अपराधियों ने लूट लिए। अपराधी लूटने के बाद भी गाड़ियों को आगे बढ़ने नहीं दे रहे थे। इस बीच मौका देखकर मुस्तकीम ने माले नेता व पूर्व विधायक विनोद सिंह को मोबाइल पर घटना की जानकारी दे दी। विनोद सिंह ने तत्काल एसपी सुरेंद्र कुमार झा को घटना की जानकारी दी। एसपी के निर्देश पर सदर एसडीपीओ कुमार गौरव एवं खोरीमहुआ के एसडीपीओ नवीन कुमार सिंह दल बल घटना स्थल पर पहुंचे। पुलिस के पहुंचने की भनक लगते ही अपराधी जंगल की ओर भाग गए। मुस्तकीम अंसारी ने बताया कि जिन दो बड़ी बसों से लूटपाट की गई है, संभवत: उस पर तीर्थयात्री सवार थे। घटना के बाद पुलिस ने कई जगहों पर छापेमारी की लेकिन कोई पकड़ा नहीं गया।