कोविड से बचाव को लोगों को जागरूक करेगा एकता मंच
संवाद सहयोगी गांडेय(गिरिडीह) गांडेय पंचायत सचिवालय में सोमवार को सामाजिक एकता मंच की अ
संवाद सहयोगी, गांडेय(गिरिडीह) : गांडेय पंचायत सचिवालय में सोमवार को सामाजिक एकता मंच की ओर से शांति समिति की बैठक की गई। इसमें आगामी पर्व रमजान व रामनवमी पर शांति व्यवस्था बनाने एवं बढ़ते कोरोना महामारी से बचाव पर चर्चा की गई। अध्यक्षता कर रहे हाजी उस्मान ने कहा कि समाज में बहुत बुराई फैली है। सामाजिक एकता मंच इस बुराई को खत्म करने का प्रयास करेगा। सामाजिक कुरीतियों को दूर करने के लिए सबसे पहले अपने अंदर की बुराइयों को दूर करना होगा। साथ ही आगामी रामनवमी व रमजान पर्व में पूरे प्रखंड में शांति व्यवस्था बनी रहे इसके लिए मंच प्रयास करेगा। इसमें सरकारी गाइडलाइन के अनुसार ही पर्व मनाने का निर्णय लिया गया।
सीओ शफी आलम व बीडीओ हरि उरांव ने संयुक्त रूप से कहा कि सभी समाज में कुछ न कुछ सामाजिक बुराइयां हैं। सभी के सहयोग से इसे खत्म किया जा सकता है। शिक्षा के प्रति समाज में जागरूकता लाने की आवश्यकता है। बढ़ती सड़क दुर्घटनाओं पर भी लगाम लगाने के लिए लोगों को जागरूक करने की आवश्यकता है। सीओ ने कहा कि धारा 144 लागू है। इस कारण प्रतिदिन की भांति पर्व त्योहारों में भी भीड़भाड़ न लगाएं। गांडेय थाना प्रभारी रवींद्र कुमार पांडेय ने कहा कि गांव गांव के समर्पित व्यक्तियों को मंच से जोड़ें ताकि इसका उद्देश्य पूरा हो सके।
कोविड 19 के प्रोटोकॉल को लेकर जागरूक करेगा मंच : सामाजिक एकता मंच की ओर से लोगों को टीकाकरण अभियान को सफल बनाने के लिए जागरूक करने पर सहमति बनी। साथ ही बढ़ते कोरोना संक्रमण को रोकने के लिए मास्क, सैनिटाइजर व शारीरिक दूरी का पालन करने व लोगों को पालन कराने के लिए प्रोत्साहित करने का निर्णय लिया गया। पदाधिकारियों ने लोगों से कहा कि वैक्सिन पूरी तरह सुरक्षित है। अफवाहों पर ध्यान न देकर खुद टीका लगवाएं एवं दूसरों को प्रेरित करें।
मौके पर निर्वतमान प्रमुख मनीषा पांडेय, संचालक अरुण कुमार हाजरा, उप प्रमुख मो अकबर अंसारी, सांसद प्रतिनिधि रघुनाथ यादव, एंथोनी स्वामी, भरत लाल शर्मा, पवन कुमार राय, सुधांशु अग्रवाल, मधुर राम, वसीम अख्तर, ताराटांड़ के थाना प्रभारी दशरथ जामुदा, शंकर सिंह, ध्रुवदेव पंडित, मो. जाकिर हुसैन, पपलू वर्मा, नंदकिशोर राय, विकास पाठक, कृष्णनंदन अग्रवाल आदि उपस्थित थे।