डॉक्टर व संसाधनों की कमी होगी दूर : मंत्री
-सदर अस्पताल को और बेहतर किया जाएगा प्रस्ताव भेजने का डीसी को निर्देश जागरण संवाददाता
-सदर अस्पताल को और बेहतर किया जाएगा, प्रस्ताव भेजने का डीसी को निर्देश
जागरण संवाददाता, गिरिडीह : स्वास्थ्य मंत्री बन्ना गुप्ता ने कहा है कि सदर अस्पताल समेत अन्य अस्पतालों में डॉक्टर व संसाधनों की जो कमी है, उसे शीघ्र ही दूर किया जाएगा। इस संबंध में गिरिडीह के उपायुक्त से प्रस्ताव मांगा गया है। प्रस्ताव मिलते ही इसके लिए राशि का प्रबंध किया जाएगा। मंत्री ने यह बातें मंगलवार को यहां न्यू सर्किट हाउस में गिरिडीह के झामुमो विधायक सुदिव्य कुमार सोनू से वार्ता के क्रम में कही। वे चुनाव प्रचार के लिए रांची से बिहार जाने के क्रम में यहां कुछ देर के लिए रुके थे। इस क्रम में विधायक उनसे मिलकर स्वास्थ्य संबंधी सुविधाओं पर वार्ता की।
विधायक ने मंत्री को बताया कि सदर अस्पताल, कोविड अस्पताल बरमोरिया से लेकर आइसीयू तक में डॉक्टर व संसाधनों की कमी है। इसे दूर कर ही यहां बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध करायी जा सकती है। इस पर मंत्री ने बताया कि उपायुक्त का प्रस्ताव मिलते ही इसके लिए आवश्यक राशि उपलब्ध करा दी जाएगी। इस दौरान पत्रकारों से बातचीत करते हुए मंत्री ने कहा कि हेमंत सरकार के आने के बाद सूबे की चिकित्सा व्यवस्था पटरी पर आ गई है। पूर्व की रघुवर सरकार ने चिकित्सा व्यवस्था को चौपट कर दिया था। आज रिम्स से लेकर जिला अस्पतालों में बेहतर चिकित्सा सुविधा उपलब्ध है। कोरोना की जंग सरकार लोगों के साथ मिलकर काफी बेहतर तरीके से लड़ रही है। पंचायतों तक जांच की सुविधा उपलब्ध करायी गयी है। शिक्षा मंत्री जगरनाथ महतो के संबंध में बताया कि उनकी हालत में धीरे-धीरे सुधार हो रही है। वे सकुशल चेन्नई से लौटेंगे और लोगों की सेवा करेंगे। विधि व्यवस्था के सवाल पर कहा कि यहां योगी नहीं हेमंत सोरेन की सरकार है। अपराधियों को जेल की सलाखों के अंदर डाला जा रहा है। दुष्कर्म की जहां भी घटना हुई है, सरकार कठोर कार्रवाई कर रही है। भाजपाई दुष्कर्म पर भी राजनीति कर रहे हैं। दुमका एवं बेरमो उप चुनाव के साथ बिहार में महागठबंधन की जीत का उन्होंने दावा किया। इसके पूर्व गिरिडीह पहुंचने पर जिलाध्यक्ष नरेश वर्मा के नेतृत्व में कांग्रेसियों ने मंत्री का स्वागत किया।