झारखंड के गिरिडीह में नक्सलियों ने आम आदमी पार्टी के नेता की गोली मारकर की हत्या
Chukka Basque. झारखंड के गिरिडीह में नक्सलियों ने आम आदमी पार्टी के नेता चुड़का बास्के की गोली मारकर हत्या कर दी।
गिरिडीह, जागरण संवाददाता। झारखंड के गिरिडीह में पीरटांड़ थाना क्षेत्र के बांध पंचायत अंतर्गत केंदुआडीह बस्ती निवासी व आम आदमी पार्टी (आप) के नेता चुड़का बास्के की नक्सलियों ने मंगलवार की रात गोली मारकर हत्या कर दी। हत्या करने के बाद घर से कुछ दूर चिरकी नदी पुल के निकट बीच सड़क पर शव को फेंक दिया। करीब 25 वर्षीय चुड़का को पुलिस मुखबिर करार देकर नक्सलियों ने मार डाला है। दो दिन पूर्व भी नक्सलियों ने डुमरी में एक आदिवासी को पुलिस मुखबिर करार देकर मार डाला था।
चुड़का को मंगलवार की रात करीब साढ़े नौ बजे दो दर्जन बंदूकधारी नक्सली घर से उठाकर ले गए और गोली मारकर हत्या कर दी। घटना की सूचना मिलने पर पीरटांड़ थाना पुलिस बुधवार की अहले सुबह पहुंची और शव को उठाकर ले गई। घटना के बारे में पुलिस पूरी तरह से चुप्पी साधे रही। शव को भी गुप्त जगह पर रखा गया। दोपहर बाद घटना की बात पुलिस ने स्वीकारी।
आम आदमी पार्टी के नेता चुड़का बास्के की हत्या के बाद पीरटांड़ में मौजूद उसके परिजन व ग्रामीण।
गौरतलब है कि थाना क्षेत्र के उग्रवाद प्रभावित क्षेत्र जीतकुंडी पंचायत के कानाडीह में रविवार देर रात एक व्यक्ति की हत्या भाकपा माओवादियों ने पुलिस मुखबिरी का आरोप लगा गोली मारकर कर दी थी। सूचना मिलने पर सोमवार अल सुबह एसडीपीओ नीरज कुमार सिंह, सीआरपीएफ मधुबन कैंप के कमांडेंट संजय कुमार सदलबल घटना स्थल पर पहुंचे और शव को अपने कब्जे में ले लिया। बाद में शव को पोस्टमार्टम के लिए गिरिडीह भेज दिया। घटना के बाद गांव में सन्नाटा पसरा है। ग्रामीण दहशत में हैं। खुलकर कोई कुछ बोलने को तैयार नहीं है, वहीं परिजनों का रो-रो कर बुरा हाल है। घटना की सूचना मिलते ही स्थानीय विधायक जगरनाथ महतो, जिप सदस्य भोला सिंह गांव पहुंच घटना की जानकारी ली और परिजनों को सांत्वना दी।
बताया जाता है कि कानाडीह निवासी चुड़का सोरेन (40) बासोकांडो से चैत्र नवरात्र का मेला देखकर वापस लौटा और अपने घर के बाहर सो गया। इसी दौरान हथियारों से लैस होकर आए भाकपा माओवादियों ने चुड़का पर ताबड़तोड़ फायरिंग कर दी, जिससे मौके पर ही उसकी मौत हो गई। जाते-जाते माओवादियों ने हस्तलिखित पर्चा छोड़ दिया जिसमें लिखा था कि पुलिस की मुखबिरी करने वाले चुड़का को मौत की सजा दी जाती है।