विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गिरिडीह में 'शोले' जैसा ड्रामा: शादीशुदा युवक भाभी की बहन से शादी की जिद में चढ़ा टावर पर

By Satish Kumar Sahu Edited By: Mritunjay Pathak
Published: Sat, 16 May 2026 07:41 PM (IST)

Giridih Man Climbs Tower: निमियाघाट में एक शादीशुदा युवक अपनी भाभी की बहन से शादी की मांग को लेकर मोबाइल ...और पढ़ें

HighLights

  1. युवक शादी की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ा।

  2. वह अपनी भाभी की बहन से शादी करना चाहता था।

  3. पुलिस ने छह घंटे बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतारा।

संवाद सहयोगी, जागरण, निमियाघाट/डुमरी (गिरिडीह)। झारखंड के गिरिडीह जिले के निमियाघाट थाना क्षेत्र में शनिवार को फिल्म शोले जैसा हाई वोल्टेज ड्रामा देखने को मिला। एक शादीशुदा युवक अपने बड़े भाई की साली से शादी कराने की मांग को लेकर मोबाइल टावर पर चढ़ गया। युवक ने चेतावनी दी कि यदि उसकी शादी नहीं कराई गई तो वह टावर से कूदकर जान दे देगा।

सुबह नौ बजे टावर पर चढ़ा, शाम तक चला हंगामा

निमियाघाट थाना के पीछे जरूआटुंडा स्थित मोबाइल टावर पर युवक सुबह करीब नौ बजे चढ़ गया। वह टावर से जोर-जोर से चिल्लाकर अपनी मांग दोहराता रहा। सूचना मिलते ही पुलिस मौके पर पहुंची और युवक को सुरक्षित नीचे उतारने का प्रयास शुरू किया। युवक के टावर पर चढ़ने की खबर फैलते ही वहां लोगों की भीड़ जुट गई और घंटों तमाशबीनों का जमावड़ा लगा रहा।

भाभी की बहन से करता है प्यार, परिवार नहीं है तैयार

मोबाइल टावर पर चढ़े युवक की पहचान जामताड़ा जिले के नारायणपुर प्रखंड निवासी सुनील कुमार के रूप में हुई है। बताया गया कि उसके बड़े भाई की शादी बोकारो जिले के नावाडीह प्रखंड के बेहराडीह गांव में हुई है। सुनील अपने बड़े भाई की साली से प्रेम करता है और उसी से शादी करना चाहता है। हालांकि, युवक पहले से शादीशुदा है, इसलिए दोनों परिवार इस रिश्ते के लिए तैयार नहीं हैं।

पुलिस ने छह घंटे की मशक्कत के बाद उतारा नीचे

युवक ने साफ कह दिया था कि जब तक शादी की बात पक्की नहीं होगी, वह टावर से नीचे नहीं उतरेगा। पुलिस और स्थानीय लोगों ने काफी देर तक समझाने का प्रयास किया।

यह भी पढ़ें- रांची सीआईडी का बड़ा एक्शन, नाबालिगों के अश्लील वीडियो बेचने वाले गिरोह के दो सदस्य दबोचे गए; iPhone जब्त

आखिरकार शनिवार शाम करीब साढ़े छह बजे पुलिस ने काफी मशक्कत के बाद युवक को सुरक्षित नीचे उतार लिया। फिलहाल उसे निमियाघाट थाना में रखा गया है। पुलिस के अनुसार युवक के स्वजनों को सूचना देकर बुलाया गया है।