सरस्वती पूजा के नाम पर रंगदारी न वसूलें
संवाद सहयोगी, सरिया (गिरिडीह): विधिक सहायता केंद्र सरिया (पूर्वी) में रविवार को कानूनी जा
संवाद सहयोगी, सरिया (गिरिडीह): विधिक सहायता केंद्र सरिया (पूर्वी) में रविवार को कानूनी जागरूकता सह साक्षरता शिविर का आयोजन किया गया। यह आयोजन जिला विधिक सेवा प्राधिकार गिरिडीह ने किया। मुख्य अतिथि प्राधिकार के सचिव मनोरंजन कुमार थे। उन्होंने कानूनी सेवा आपके द्वार के तहत उपस्थित लोगों को कानून से संबंधित कई जानकारी दी। कहा कि भारतीय संविधान सबसे बड़ा धर्मग्रंथ है। इसमें सभी धर्म को समान भाव तथा समान अधिकार प्राप्त है। जागरूकता के अभाव में आज भी लोग अंधविश्वास तथा सामाजिक कुरीतियों से मुक्त नहीं हो पाए हैं, जिस कारण लोगों को विभिन्न परेशानियां झेलनी पड़ रही है।
इस दौरान उन्होंने युवाओं से कहा कि सरस्वती पूजा नजदीक है। शांतिपूर्वक पूजा करें। इसके नाम पर रंगदारी नहीं वसूलें। वहीं बिहार, हरियाणा आदि जगहों से कुछ लोग गोवंश बेचने आते हैं, परंतु गोरक्षा के नाम पर कुछ असामाजिक तत्व के लोग उन्हें घेरकर मार देते हैं, जो कानूनन अपराध है।
उन्होंने कहा कि आपसी लड़ाई-झगड़े तथा अंधविश्वास में पड़कर लोग न्यायालय के चक्कर में पड़ जाते हैं, जिस कारण उन्हें आर्थिक कठिनाइयों का सामना करना पड़ता है। छोटे-छोटे मामलों पर वे आपस में नहीं उलझें व कानून को हाथ में न लें। किसी प्रकार की समस्या आने पर सामाजिक कार्यकर्ताओं, पुलिस प्रशासन या स्थानीय विधिक सेवा केंद्र से सलाह लें। कानून को धत्ता नहीं बताएं। ग्रामीणों से कहा कि लड़कियों का विवाह 18 वर्ष तथा लड़कों का 21 वर्ष के बाद ही करें।
अधिवक्ता विपिन कुमार, महेंद्र प्रसाद कुशवाहा, शंभू दयाल वर्मा, जागो फाउंडेशन के बैजनाथ प्रसाद महतो, पूर्व मुखिया टेकलाल मंडल, चंद्रिका ¨सह, एसआई अमरेंद्र कुमार आदि ने विचार व्यक्त किए।