शौचालय निर्माण में रुचि नहीं लेने वाली सहिया को तुरंत हटाएं
संवाद सहयोगी, तिसरी (गिरिडीह) : प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को जनता दरबार लगाया गया। इस द
संवाद सहयोगी, तिसरी (गिरिडीह) : प्रखंड मुख्यालय में शुक्रवार को जनता दरबार लगाया गया। इस दौरान उपायुक्त नेहा अरोड़ा व डीडीसी मुकुंद दास ने प्रखंड को ओडीएफ करने व मूलभूत समस्याओं के निवारण पर बल दिया। बैठक में उपायुक्त ने कहा कि जो सहिया शौचालय बनाने में रुचि नहीं ले रही हैं, उन्हें तुरंत हटाएं। मुखियों से शौचालय निर्माण की स्थिति की जानकारी ली। बीस सितंबर तक सभी मुखिया व पंचायत सेवक को शौचालय का निर्माण कार्य पूर्ण करने का आदेश दिया।
विवाद के कारण लोग नहीं बना रहे शौचालय: पलमरूआ के मुखिया राजेंद्र साव ने कहा कि अड़सार व सड़नाल में लोग पुराने विवाद के कारण शौचालय नहीं बना रहे हैं। इस पर उपायुक्त ने अनुमंडल पदाधिकारी को अपने स्तर से मामले को सलटाने को कहा। बीस सूत्री प्रखंड अध्यक्ष ने कहा कि मनरेगा में काफी लूट हो रही है। खिजुरी व तिसरी सहित कई गांवों में गाय शेड व मुर्गी शेड प्राक्कलन के अनुसार नहीं बनाकर वहां मकान बना लिया गया है। डीडीसी ने आंगनबाड़ी भवन में सीडीपीओ नीलम भेंगरा को फटकार लगाई। भवन अधूरा रहने पर पंचायत सेवक को शीघ्र पूरा कराने का आदेश दिया।
बैठक में प्रशिक्षु आइएएस प्रेरणा दीक्षित, बीडीओ सुनील प्रकाश, कार्यपालक अभियंता, स्वच्छ भारत मिशन के कृष्ण कुमार, डी पांडेय, जेई अशोक भार्गव, जिला परिषद सदस्य रामकुमार राउत, मुखिया मोनिका मरांडी, रवि राय, बालेश्वर राय, सहदेव यादव, हरिहर शर्मा सहित कई अधिकारी व कर्मी मौजूद थे। स्वास्थ्य केंद्र का किया निरीक्षण: डीसी ने स्वास्थ्य केंद्र का निरीक्षण कर प्रखंड चिकित्सा पदाधिकारी को कई निर्देश दिए। अस्पताल के ओटी, ओपीडी, शौचालय, जांच घर व दवा स्टॉक की जांच की। कहा कि अस्पताल में टीकाकरण की तालिका पुन: लिखाएं। दवा की सूची में और दवा जोड़ें। डीसी ने कहा कि जब आउटसोर्सिग की कमी नहीं है तो शौचालय ढंग से साफ क्यों नहीं है। सहियाओं से मिलकर उपायुक्त उनकी समस्याओं से अवगत हुई और चिकित्सा प्रभारी अवधेश प्रसाद से कहा कि दो दिनों में इनके मानदेय का भुगतान कर रिपोर्ट करें, नहीं तो कार्रवाई की जाएगी। सहिया अनीता ¨सह ने इसके लिए उपायुक्त के प्रति आभार जताया।
इस क्रम में रानाडीह गांव का दौरा कर डीसी ने ग्रामीणों की समस्याएं सुनीं। अच्छा शौचालय बनानेवाले को प्रोत्साहित करने की बात कही। कहा कि इसकी सूची बनाकर जिले को भेजें। सुमित्रा देवी नामक महिला ने शौचालय की राशि नहीं मिलने की शिकायत की तो दुलारी देवी ने अपने पुत्री सुनैना की दहेज के लिए हत्या के आठ दिन बाद भी कोई कार्रवाई नहीं होने की शिकायत की। मौके पर मुखिया सहदेव यादव, अर्जुन मोदी सहित दर्जनों ग्रामीण मौजूद थे।