हीरोडीह में गला दबाकर इंटर की छात्रा की हत्या Giridih News
आशा की मां तेजनी देवी ने आशा के दादा भैरव मंडल दादी अदनी देवी चाचा टेकलाल मंडल चाची मालती देवी और कठवारा निवासी रीतलाल मंडल पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है।
हीरोडीह (गिरिडीह), जेएनएन। हीरोडीह थाना क्षेत्र के रेंबा गांव की रहने वाली आशा कुमारी (16) की शुक्रवार को संदिग्ध परिस्थितियों में उसके घर में ही गला दबाकर हत्या कर दी गई। आशा की मां तेजनी देवी ने आशा के दादा भैरव मंडल, दादी अदनी देवी, चाचा टेकलाल मंडल, चाची मालती देवी और कठवारा निवासी रीतलाल मंडल पर बेटी की हत्या का आरोप लगाया है। पुलिस शव को पोस्टमार्टम के लिए भेजने के बाद मामले की छानबीन में जुटी है।
तेजनी देवी ने बताया कि वह स्कूल में रसोइया का काम करती है। शुक्रवार को विद्यालय मध्याह्न भोजन बनाने गई थी। स्कूल बंद होने के कारण वह घर लौट गई। घर पहुंच जब बेटी को आवाज दी तो वह बाहर नहीं निकली। घर के अंदर घुसी तो देखा कि वह चौकी के नीचे मरी पड़ी है। शोर मचाकर आसपास के लोगों को बुलाया। तेजनी का कहना है कि ससुर भैरव मंडल उसके साथ हमेशा झगड़ा करता था।
विवाद के कारण उसे और उसके पति अनिरुद्ध मंडल को घर से अलग कर दिया था। उसके पति दिल्ली में नौकरी करते हैं। वह यहां अपनी बेटी के साथ रहती थी। बेटी आशा भंडारो कॉलेज में इंटरमीडिएट की छात्रा थी। हीरोडीह थाना प्रभारी एसपी वर्मा एवं एसआइ हसनैन अंसारी ने मौके पर पहुंच जांच की। प्राथमिकी दर्ज कर ली गई है।
पुलिस कार्रवाई करती तो बच जाती आशा
तेजनी का कहना है कि 13 अगस्त को उसका विवाद ससुर से हुआ था। ससुर ने उसके साथ मारपीट की थी। तब मामले की शिकायत हीरोडीह पुलिस से की थी। उस समय यदि पुलिस मामले को गंभीरता से लेकर कार्रवाई करती तो यह घटना नहीं होती।