लोस चुनाव के बाद सूची में जुड़े 33 हजार नए मतदाता
डीह विधानसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह रेस हो गया है। इसे लेकर जोरशोर से तैयारी की जा रही है। शनिवार को
गिरिडीह : विधानसभा चुनाव को लेकर जिला प्रशासन पूरी तरह रेस हो गया है। इसे लेकर जोरशोर से तैयारी की जा रही है। शनिवार को उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने अपने कार्यालय कक्ष में प्रेसवार्ता के दौरान तैयारियों से संबंधित जानकारी दी। बताया कि जिले में 16.9 लाख वोटर हैं, जो विधानसभा चुनाव में अपने मताधिकार का प्रयोग करेंगे। लोकसभा चुनाव के बाद 1 मई से 15 अक्टूबर तक मतदाता सूची में 33090 नए मतदाताओं का नाम जोड़ा गया है। जिले में 25500 से अधिक दिव्यांग वोटर हैं। मतदान करने में इन वोटरों को कोई परेशानी न हो, इसका पूरा ध्यान रखा जा रहा है। इसके लिए मतदान केंद्रों में व्हील चेयर, रैंप आदि की व्यवस्था की जा रही है। इसके अलावा सभी केंद्रों में पेयजल, शौचालय आदि की मुकम्मल व्यवस्था रहेगी।
2393 बूथों में पड़ेंगे वोट :बताया कि जिले के सभी छह विधानसभा क्षेत्रों में कुल 2393 बूथ हैं, जिनमें बोकारो जिला के चंद्रपुरा व नावाडीहा के 173 तथा हजारीबाग जिला के भी कुछ बूथ शामिल हैं। अतिसंवेदनशील बूथों की पहचान की जा रही है।
बताया कि जिन बूथों में लोस चुनाव में कम वोट पड़े था या लोगों ने वोट का बहिष्कार किया था, उसकी सूची तैयार की जा रही है। यदि सड़क,पुल, पुलिया जैसी समस्याओं को लेकर ग्रामीणों ने अगर वोट बहिष्कार किया था या इस बार ऐसी संभावना है तो उन समस्याओं को दूर करने का प्रयास किया जाएगा।
बाहर पलायन किए मजदूरों को प्रेरित करने जाएगी टीम : मतदान प्रतिशत बढ़ाने के लिए स्वीप कोषांग की ओर से प्रचार-प्रसार किया जाएगा। स्वीप टीम को वैसी जगहों पर भी भेजा जाएगा, जहां गिरिडीह मतदाता रोजगार के लिए पलायन कर गए हैं। टीम वैसे स्थानों में जाकर मतदाताओं को चुनाव के दिन घर आकर वोट देने के लिए प्रेरित करेगी। इसके लिए श्रम विभाग से संपर्क कर ऐसे लोगों की सूची उपलब्ध कराई जाएगी।
14 कोषांगों का हुआ गठन : उपायुक्त ने बताया कि चुनाव को लेकर 14 कोषांगों का गठन किया गया है। सभी कोषांगों ने काम करना प्रारंभ कर दिया है। प्रत्येक बूथ में 4-4 मतदान कर्मी होंगे और 10 फीसद कर्मी रिजर्व रहेंगे। इस तरह दस हजार से अधिक कर्मियों की आवश्यकता पड़ेगी। कर्मियों को पहले चरण का प्रशिक्षण दे दिया गया है।
12 बूथ होंगे महिलाओं के जिम्मे :
बताया गया कि प्रत्येक विधानसभा में 2-2 बूथ पूरी तरह महिलाओं के जिम्मे होंगे। इस तरह छह विधानसभा क्षेत्रों में 12 बूथ महिलाओं के हवाले रहेंगे। ऐसे बूथों में सभी कर्मी महिला ही होंगी। मौके पर नगर आयुक्त एके राय, जिला जनसंपर्क पदाधिकारी रश्मि सिन्हा आदि उपस्थित थे।