विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गिरिडीह में हाइवा की चपेट में आने से दो बाइक सवारों की दर्दनाक मौत, चालक फरार

Published: Tue, 15 Sep 2026 09:42 PM (IST)

Giridih Road Accident: गिरिडीह के कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर घोड़थंबा ओपी क्षेत्र में तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से दो ...और पढ़ें

Giridih-Koderma Road पर दुर्घटना के बाद जुटे लोग। (फोटो जागरण)

Giridih-Koderma Road पर दुर्घटना के बाद जुटे लोग। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. कोडरमा-गिरिडीह मार्ग पर हाइवा-बाइक टक्कर में दो की मौत।

  2. मृतकों की पहचान अमित सिंह और बैजनाथ सिंह के रूप में हुई।

  3. हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन समेत मौके से फरार।

संवाद सहयोगी, धनवार (गिरिडीह)। कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग में घोड़थंबा ओपी क्षेत्र के तारानाखो स्थित झरहिया धाम के समीप मंगलवार शाम तेज रफ्तार हाइवा की टक्कर से बाइक सवार दो लोगों की मौत हो गई। हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया। घटना की सूचना मिलते ही घोड़थंबा ओपी पुलिस मौके पर पहुंची और शवों के साथ दुर्घटनाग्रस्त बाइक को जब्त कर ओपी ले गई।

स्थानीय लोगों के अनुसार हाइवा घोड़थंबा की ओर से डोरंडा की तरफ जा रहा था। इसी दौरान डोरंडा की ओर से घोड़थंबा की तरफ जा रहे अपाचे बाइक सवार दो लोगों को तारानाखो झरहिया धाम के समीप हाइवा ने अपनी चपेट में ले लिया। प्रत्यक्षदर्शियों के अनुसार टक्कर इतनी जोरदार थी कि बाइक सवार दोनों सड़क पर दूर जा गिरे। गंभीर चोट लगने के कारण दोनों की घटना स्थल पर ही मौत हो गई।

मृतकों की पहचान कोडरमा जिला के डोमचांच थाना अंतर्गत तेतरियाडीह निवासी अमित सिंह और बैजनाथ सिंह के रूप में हुई है। हादसे की खबर मिलते ही घटना स्थल पर बड़ी संख्या में स्थानीय लोग जुट गए। कुछ देर के लिए सड़क पर आवागमन भी प्रभावित रहा।


घटना की जानकारी मिलने पर पुलिस पहुंची और आवश्यक कार्रवाई शुरू की। पुलिस दोनों शवों को कब्जे में लेने के साथ दुर्घटनाग्रस्त अपाचे बाइक संख्या जेएच 12 क्यू 6309 को भी जब्त कर ओपी ले गई। पुलिस ने मृतकों के स्वजन को घटना की सूचना दे दी है। हादसे की जानकारी मिलते ही स्वजन में कोहराम मच गया।

हाइवा चालक की तलाश में जुटी पुलिस 

हादसे के बाद हाइवा चालक वाहन लेकर फरार हो गया। पुलिस घटना स्थल के आसपास लगे सीसीटीवी कैमरों और अन्य माध्यमों से फरार हाइवा की पहचान करने का प्रयास कर रही है। पुलिस का कहना है कि स्वजन की ओर से आवेदन प्राप्त होने के बाद मामले में अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।

तेज रफ्तार भारी वाहनों पर नियंत्रण की मांग

स्थानीय लोगों ने बताया कि कोडरमा-गिरिडीह मुख्य मार्ग पर भारी वाहनों की तेज रफ्तार से लगातार दुर्घटनाओं का खतरा बना रहता है। लोगों ने प्रशासन से सड़क पर तेज रफ्तार वाहनों की गति पर नियंत्रण रखने तथा यातायात व्यवस्था को दुरुस्त करने की मांग की है।

घोड़थंबा ओपी प्रभारी धर्मेंद्र अग्रवाल ने बताया कि सड़क हादसे में दो लोगों की मौत हुई है। स्वजन को घटना की सूचना दे दी गई है। स्वजन की ओर से आवेदन मिलने के बाद मामले में आगे की कार्रवाई की जाएगी।