गिरिडीह में SIR के दौरान वीडियो बना रहे युवक को सरिया BDO ने जड़ा तमाचा, ग्रामीणों ने बनाया बंधक
गिरिडीह के सरिया प्रखंड विकास पदाधिकारी ललित नारायण तिवारी को कुसमाडीह पंचायत भवन में ग्रामीणों ने बंधक बना लिया। यह ...और पढ़ें

पंचायत भवन के अंदर बंद बीडीओ और पुलिस पदाधिकारी। (फोटो जागरण)
HighLights
सरिया बीडीओ को ग्रामीणों ने पंचायत भवन में बंधक बनाया।
ग्रामीण युवक से मारपीट के आरोप में हुआ यह विरोध।
ग्रामीण बीडीओ से सार्वजनिक माफी की कर रहे हैं मांग।
संवाद सहयोगी ,सरिया (गिरिडीह)। झारखंड के गिरिडीह के सरिया प्रखंड में गुरुवार को एसआइआर के दाैरान प्रखंड विकास पदाधिकारी (BDO) ललित नारायण तिवारी को ग्रामीणों ने बंधक बना लिया है। इस दाैरान उनके साथ दुर्व्यवहार भी किया।
गुरुवार को सरिया प्रखंड विकास पदाधिकारी ललित नारायण तिवारी अपने कुछ सहकर्मियों के साथ प्रखंड क्षेत्र के कुसमाडीह पंचायत भवन में चल रहे SIR का निरीक्षण करने पहुंचे थे। इसी दौरान वह एसआईआर कार्य में जुटे कर्मियों को डांट फटकार कर रहे थे।
ग्रामीणों का कहना है कि गांव के ही युवक मोहम्मद आजाद अंसारी अपने मोबाइल से इसका वीडियो बनाने लगा। बीडीओ ने मना किया। जब युवक नहीं माना तो को गुस्से में एक तमाचा लगा दिया। लोगों ने बताया कि युवक के साथ मारपीट की सूचना पूरे गांव में आग की तरह फैल गई।
घटना से आक्रोशित लोगों ने बीडीओ ललितनारायण तिवारी एवं एसआईआर कार्य से जुड़े सभी कर्मियों को अंदर ही पंचायत भवन में बंद कर दिया। बाहर गेट पर ताला मार दिया। यह घटना गुरुवार की शाम 4:30 बजे से 5:00 के बीच का बताया जा रहा है।
इसकी सूचना प्रशासनिक अधिकारियों को होने के बाद लगभग शाम के छह बजे से बीडीओ को ग्रामीणों की बंधक से मुक्त करने के लिए सक्रिय हुए, जिसमें मुख्य रूप से सरिया, बगोदर, बिरनी की पुलिस भी पहुंची। लेकिन ग्रामीणों के गुस्से के आगे उन्हें मुक्त नहीं करा सके।
घटना की सूचना पर सरिया एसडीएम संतोष कुमार गुप्ता एवं एसडीपीओ धनंजय राम भी पूरे दलबल के साथ पहुंचे। समाचार लिखे जाने तक देर रात 9:30 बजे तक सरिया बीडीओ को पंचायत भवन से नहीं मुक्त कराया जा सका था।
बीडीओ से माफी की मांग पर अड़े ग्रामीण
सरिया प्रखंड विकास पदाधिकारी के द्वारा इस प्रकार के किए गए कार्य से आक्रोशित लोगों ने देर शाम से ही सरिया बीडीओ के खिलाफ पंचायत भवन के गेट पर ही जमकर नारेबाजी कर रहे हैं। ग्रामीणों ने इस घटना की निंदा करते हुए कहा कि प्रखंड विकास पदाधिकारी उक्त युवक व यहाँ के ग्रामीणों से माफी मांगे। जबतक माफी नहीं मांगेगे तबतक उन्हें नहीं छोड़ा जायेगा।
एसडीएम ने घटना की पुष्टि
सरिया एसडीएम संतोष गुप्ता ने ग्रामीणों के द्वारा सरिया बीडीओ ललित नारायण तिवारी को कुछ बातों को लेकर पंचायत भवन में बंधक बनाए जाने की घटना की पुष्टि की एवं बताया कि घटना स्थल पहुंचने के बाद पूरी वस्तुस्थिति से अवगत कराऊंगा।
बीडीओ जनता से मांगे माफी : जेएलकेएम नेता दीपक यादव
गुरुवार की घटना को लेकर जेएलकेएम पार्टी के जिला सचिव दीपक यादव एवं पीड़ित युवक की मां रुखसाना खातून ने कहा कि मेरे सामने सरिया बीडीओ साहब ने मेरे बेटे को के साथ मारपीट की घटना की है। वहीं जेएलकेएम नेता ने कहा कि संविधान के किस धारा एवं किस अनुच्छेद के तहत किसी बीडीओ को ग्रामीणों को ग्रामीणों के साथ मारपीट करने का अधिकार मिला है।
वह बताएं अन्यथा बीडीओ ग्रामीण से माफी मांगे और प्रशासनिक वरीय पदाधिकारी इस पर क्या कार्रवाई करते हैं, वह स्पष्ट करें। अगर एक विधायक पर केस हो सकता है तो बीडीओ के खिलाफ प्रशासनिक अधिकारी क्या रुख अपनाते हैं, यह स्पष्ट करना चाहिए।
वहीं आगे कहा कि ग्रामीणों ने किसी भी पदाधिकारी को बंधक नहीं बनाया है, ग्रामीणों के आक्रोश को देखते हुए बीडीओ स्वयं ताला लगवा कर पंचायत भवन के अंदर बैठे हुए हैं।
