विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

यह एक आर्काइव लेख है, जिसे Sep 12, 2023 को प्रकाशित किया गया था। इसमें दी गई जानकारी वर्तमान समय के लिहाज से पुरानी हो सकती है।

झारखंड को रेलवे का तोहफा: विस्‍टाडोम कोच के साथ चलेगी गिरिडीह-रांची इंटरसिटी एक्‍सप्रेस, जानें रूट और टाइमिंग

By Jagran NewsEdited By: Arijita Sen
Published: Tue, 12 Sep 2023 10:11 AM (GMT+05:30)

Jharkhand News 14 कोच वाली गिरिडीह-रांची इंटरसिटी एक्‍सप्रेस विस्‍टाडोम कोच के साथ आज से चलेगी। इसका नियमित परिचालन बुधवार से ...और पढ़ें

दिलकश नजारों से भरपूर होगी 314 किमी की यात्रा, कोडरमा के रेल नेटवर्क में जुड़ा एक और ट्रेन।
दिलकश नजारों से भरपूर होगी 314 किमी की यात्रा, कोडरमा के रेल नेटवर्क में जुड़ा एक और ट्रेन।

HighLights

  1. 40 सीटों वाले विस्टाडोम कोच में अत्याधुिनक सुविधाएं
  2. 73 बर्थ के 2 एसी चेयर कार और 3 जेनरल चेयर कार
  3. 1260 रुपये किराया रांची से न्यू गिरिडीह तक का
  4. 130 रुपये किराया स्लीपर में न्यू गिरिडीह से रांची तक
  5. 360 रुपये कोडरमा से रांची का एसी चेयर कार किराया

संवाद सहयोगी, झुमरीतिलैया। Jharkhand News: जंगल, पहाड़, डैम, नदी सुरंग सहित प्रकृति की दिलकश नजारों से भरपूर कोडरमा-गिरिडीह व कोडरमा-हजारीबाग लाइन होते हुए न्यू गिरिडीह स्टेशन से रांची तक इंटरसिटी एक्सप्रेस का नियमित परिचालन बुधवार से होगा। मंगलवार को इसका उद्घाटन होगा। इस दिन यह ट्रेन विशेष ट्रेन के रूप में चलेगी।

आज ट्रेन को दिखाई जाएगी हरी झंडी

पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी, स्थानीय सांसद सह केंद्रीय शिक्षा राज्यमंत्री अन्नपूर्णा देवी, गिरिडीह से सांसद चंद्रप्रकाश चौधरी समेत अन्य नेता न्यू गिरिडीह स्टेशन में हरी झंडी दिखाकर ट्रेन को रवाना करेंगे। पूर्वाह्न 10.30 बजे इसका उद्धाटन होगा।

यह ट्रेन 1 बजे दिन में कोडरमा जंक्शन पहुंचेगी, जहां सांसद अन्नपूर्णा देवी, स्थानीय विधायक नीरा यादव, डीआएम धनबाद कमल किशोर सिन्हा, वरीय वाणिज्य प्रबंधक अमरेश कुमार समेत अन्य लोग यहां ट्रेन को हरी झंडी दिखाएंगे।

सोमवार को रांची से ट्रेन की रैक कोडरमा पहुंची थी, जिसे देखने के लिए लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी थी। ट्रेन का मेंटनेंस डी बनर्जी, राहुल महतो व एस मिश्रा देख रहे थे। न्यू गिरिडीह से रांची की कुल दूरी 314 किमी है। वहीं न्यू गिरिडीह से कोडरमा 104 किमी और कोडरमा से रांची 211 किमी दूरी है।

ऐसी होगी समय सारिणी

गाड़ी संख्या 18617 रांची-न्यू गिरिडीह एक्सप्रेस 13.09.2023 से रांची से 06.05 बजे खुलकर 06.23 बजे टाटीसिलवे, 06.42 बजे मेसरा, 08.05 बजे बरकाकाना, 09.08 बजे हजारीबाग टाउन, 10.30 बजे कोडरमा, 11.20 बजे महेशपुर हाल्ट, 11.40 बजे धनवार, 12.03 बजे जमुआ रूकते हुए 13.00 बजे न्यू गिरिडीह पहुंचेगी।

वापसी में गाड़ी संख्या 18618 न्यू गिरिडीह-रांची एक्सप्रेस 13.09.2023 से न्यू गिरिडीह से 14.00 बजे खुलकर 14.30 बजे जमुआ, 14.48 बजे धनवार, 15.28 बजे महेशपुर हाल्ट, 16.30 बजे कोडरमा, 17.55 बजे हजारीबाग टाउन, 19.00 बजे बरकाकाना, 20.35 बजे मेसरा, 21.05 बजे टाटीसिलवे स्टेशनों पर रूकते हुए 21.30 बजे रांची पहुंचेगी।

विस्टाडोम कोच का किराया

ट्रेन के विस्टाडोम कोच में रांची से न्यू गिरिडीह तक का किराया 1260 रुपये होगा। न्यू गिरिडीह से कोडरमा तक के लिए इस कोच में किराया 655 रुपये निर्धारित किया गया है। इसी तरह विस्टाडोम कोच में कोडरमा से रांची तक के लिए 970 रुपये, कोडरमा से बरकाकाना के लिए 750 रुपये और कोडरमा से हजारीबाग का 920 रुपये होगा।

एसी चेयर कार में कोडरमा से रांची 360, न्यू गिरिडीह से कोडरमा 465, कोडरमा से हजारीबाग व बरकाकाना का 265 रुपये किराया होगा। स्लीपर में न्यू गिरिडीह से रांची तक किराया 130, न्यू गिरिडीह से कोडरमा तक 65 रुपये होगा। कोडरमा से रांची और बरकाकाना 1 का किराया 100 रुपये और कोडरमा से हजारीबाग 60 रुपये किराया होगा।

14 कोचों की है इंटरसिटी ट्रेन

रांची-न्यू गिरिडीह इंटरसिटी एक्सप्रेस ट्रेन 14 कोचों का है। इसमें एक 40 सीटों वाला विस्टाडोम कोच है। इस कोच में रेफ्रजेरेटर, माइक्रोवेव, काॅफी मशीन समेत अन्य सुविधाएं होगी। इसके अलावा इसकी सीट व खिड़की विशेष प्रकार की है, जिसमें लोग प्रकृति की दिलकश नजारों का आनंद ले सकेंगे। इसके अलावा ट्रेन में 73-73 बर्थ का 2 एसी चेयर कार, 6 जेनरल कोच, 3 जेनरल चेयर कार और 2 एसएल आर कोच होंगे।