विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गिरिडीह में पुलिस को धक्का देकर नवडीहा पंचायत का मुखिया फरार, चार मददगार गिरफ्तार

Published: Sat, 05 Sep 2026 07:53 PM (IST)

Giridih Crime News: जमीन विवाद के आरोपी मुखिया विनोद साव पुलिस हिरासत से फरार हो गए, उन्हें सदर अस्पताल से ...और पढ़ें

गिरिडीह कोर्ट से मुखिया को भगाने के आरोप में गिरफ्तार चारों आरोपित। (फोटो जागरण)

गिरिडीह कोर्ट से मुखिया को भगाने के आरोप में गिरफ्तार चारों आरोपित। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. मुखिया विनोद साव पुलिस हिरासत से फरार।

  2. सदर अस्पताल से कोर्ट ले जाते समय भागा।

  3. चार मददगार गिरफ्तार, मुखिया अभी भी फरार।

जागरण संवाददाता, गिरिडीह। जमीन विवाद में घर में घुसकर मारपीट करने व धमकी देने समेत अन्य आरोपों से घिरे नवडीहा पंचायत के मुखिया विनोद साव को पुलिस ने गिरफ्तार किया था। वह गुरुवार को गिरिडीह कोर्ट में पुलिस को धक्का देकर फरार हो गया। उसे भगाने के आरोप में पुलिस ने चार लोगों को गिरफ्तार किया है।

आरोपित मुखिया विनोद साव को पुलिस कस्टडी से भगाने का षड़यंत्र रचने वाले चार आरोपितों को गिरिडीह नगर थाने की पुलिस ने गिरफ्तार किया। गिरफ्तार आरोपितों में पचंबा थाना क्षेत्र के बोड़ो मोहल्ला निवासी करीब 18 वर्षीय राजकुमार, करीब 18 वर्षीय रूद्र कुमार, लखारी निवासी करीब 20 वर्षीय सचिन राणा व मुफस्सिल क्षेत्र के जोभी गांव निवासी करीब 18 वर्षीय सचिन कुमार शामिल हैं।

इन आरोपितों को शनिवार को नगर पुलिस ने सदर अस्पताल में चिकित्सीय जांच कराते हुए न्यायिक हिरासत में भेज दिया। हांलाकि पुलिस गिरफ्त से भागा आरोपित मुखिया अब भी फरार है। आरोपितों खिलाफ नगर थाने में नवडीहा ओपी में पदस्थापित एसआइ सह मामले के अनुसंधानकर्ता रामकिशोर पाल के फर्द बयान के आधार पर प्राथमिकी दर्ज की गई।

इसके बाद नगर थाने में दर्ज प्राथमिकी के अनुसंधानकर्ता एसआइ सत्येंद्र कुमार पाल ने छापेमारी करते हुए चारों को गिरफ्तार किया था।

बता दें कि नवडीहा ओपी में दर्ज मारपीट समेत अन्य आरोपों के आरोपित नवडीहा पंचायत के मुखिया विनोद साव को ओपी प्रभारी सबिता कुमारी समेत अन्य पुलिसकर्मियों ने छापेमारी करते ताराटांड़ थाना क्षेत्र से गुरूवार की शाम को गिरपु्तार करने के बाद न्यायालय लेकर पहुंचे थे।

न्यायालय परिसर में कागजी प्रक्रिया पूरी करने के बाद आरोपित मुखिया को चिकित्सीय जांच के लिए सदर अस्पताल ले जाया गया जहां से जांच के बाद उसे न्यायालय में पेश करने के लिए ले जाया जा रहा था।

इसी क्रम में सदर अस्पताल के गेट के पास पहुंचते ही पुलिस पदाधिकारी व कर्मियों को धक्का देते हुए पटक दिया तथा हथकड़ी खोलकर फेंकते हुए वहां पहले से खड़ी एक बोलेरो में बैठकर फरार हो गया जिसे दबोचने के लिए पुलिस की टीम लगातार छापेमारी करने में जुटी है।