विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गिरिडीह में जीएसटी की बड़ी कार्रवाई, उद्योगपति के ठिकानों पर करोड़ों की टैक्स चोरी पकड़ी

Published: Thu, 13 Aug 2026 09:38 PM (GMT+05:30)

गिरिडीह के विश्वासडीह में उद्योगपति जी साव के पांच ठिकानों पर जीएसटी की जंबो टीम ने छापेमारी की। इस दौरान ...और पढ़ें

छापामारी के दाैरान गंगाधर साव के घर के सामने जीएसटी की टीम। (फोटो जागरण)

छापामारी के दाैरान गंगाधर साव के घर के सामने जीएसटी की टीम। (फोटो जागरण)

जागरण संवाददाता, गिरिडीह। मुफस्सिल थाना क्षेत्र के विश्वासडीह स्थित उद्योगपति गंगाधर साव के मकान के अलावा उनके कारोबार से संबंधित पांच ठिकानों पर गुरुवार की सुबह जीएसटी की जंबो टीम ने दस्तक दी। टीम में करीब 50 अधिकारी व कर्मी शामिल हैं, जो कई वाहनों में सवार होकर उद्योगपति के घर समेत विश्वासडीह स्थित जैन इंटरप्राइजेज व अन्य ठिकानों पर पहुंचे और छापेमारी कर जीएसटी चोरी की जांच शुरू की।

शाम करीब साढ़े पांच बजे तक फाइलों को खंगालने के बाद बाहर निकले जीएसटी के एक अधिकारी ने बताया कि अब तक की जांच में एक करोड़ रुपये से अधिक की जीएसटी चोरी का मामला सामने आया है। फिलहाल अलग-अलग ठिकानों पर फाइलों को खंगाला जा रहा है। इससे जीएसटी चोरी की राशि बढ़ने की संभावना है।

टीम में शामिल अधिकारी व कर्मी जमशेदपुर और रांची स्थित जीएसटी कार्यालय से यहां पहुंचे हैं। टीम सुबह करीब 11 बजे उद्योगपति के घर समेत अन्य ठिकानों पर एक साथ पहुंची और कार्रवाई शुरू कर दी।

जीएसटी टीम के आने की भनक लगते ही उद्योगपति गंगाधर साव फरार हो गए। इधर, जीएसटी टीम फिलहाल उद्योगपति गंगाधर साव के कारोबार में शामिल पार्टनरों के यहां भी जांच करने में जुटी है। यह जांच देर रात तक, अथवा शुक्रवार तक चलने की संभावना जताई जा रही है।