सरिया लूटकांड का खुलासा, रकम के साथ चार गिरफ्तार
एसपी सुरेंद्र कुमार झा के निर्देश पर गठित विशेष पुलिस टीम ने सरिया लूटकांड का खुलासा कर दिया है। पुलिस ने इस लूटकांड में संलिप्त चार लोगों को गिरफ्तार कर लिया है। साथ ही उनकी निशानदेही पर लूटी गई राशि मे से
जागरण संवाददाता, गिरिडीह : एसपी सुरेंद्र कुमार झा के निर्देश पर विशेष पुलिस टीम ने सरिया लूटकांड का खुलासा कर दिया है। लूटकांड में संलिप्त चारो लोगों को गिरफ्तार किया गया है। उनकी निशानदेही पर लूटी गई राशि में से 87 हजार 680 रुपये नकद, अपाची बाइक, लैपटॉप एवं चार मोबाइल बरामद किए गए हैं।
एसपी सुरेंद्र कुमार झा ने बताया कि जिन चार लोगों को गिरफ्तार किया गया है उनमें सरिया के कर्माबाद का अशोक कुमार पासवान, कारीटांड़ का रियाज अंसारी तथा गांडेय थाना क्षेत्र के मरगोडीह का मुकेश मंडल एवं गांडेय का किशोर साव शामिल है। सरिया थाना क्षेत्र के सरिया-खंभरा मार्ग पर खंभरा नदी के निकट तीन अक्टूबर की शाम बैंक ऑफ इंडिया के ग्राहक सेवा केंद्र के संचालक प्रभुदयाल कुशवाहा से हथियारबंद अपराधियों ने चार लाख 53 हजार रुपये नकद, लैपटॉप एवं मोबाइल फोन लूट लिए थे।
.. और ऐसे विशेष टीम ने अपराधियों को दबोचा :
एसपी ने सरिया-बगोदर के एसडीपीओ विनोद कुमार महतो के नेतृत्व में एक विशेष टीम गठित की थी। इसमें पुलिस निरीक्षक रामनारायण चौधरी, थाना प्रभारी सरिया बिन्देश्वरी दास एवं सब इंस्पेक्टर अमरजीत कुमार थे। इस टीम ने गुप्त सूचना पर सबसे पहले अशोक पासवान को चिचाकी बाजार से पकड़ा । कड़ाई से पूछताछ हुई तो लूट में अपनी संलिप्तता स्वीकार की। लूट में शामिल साथी रियाज अंसारी, मुकेश मंडल एवं किशोर साह का भी सुराग दिया। इसके बाद ताबड़तोड़ छापेमारी में पुलिस ने रियाज अंसारी को पकड़ा। रियाज ने मुकेश मंडल एवं किशोर साव के बारे में जानकारी दी। उन दोनों को उनके आवास से गिरफ्तार कर लिया गया। दोनों के पास से रुपये, लैपटॉप एवं मोबाइल फोन बरामद कर लिए गए।