मुहर्रम को लेकर जगह-जगह फ्लैग मार्च निकला
गिरिडीह मुहर्रम का पर्व शांतिपूर्वक संपन्न हो इसके लिए प्रशासन ने पूरा जोर लगा दिया है।
गिरिडीह : मुहर्रम का पर्व शांतिपूर्वक संपन्न हो, इसके लिए प्रशासन ने पूरा जोर लगा दिया है। जगह-जगह शांति समिति की बैठक करने के साथ-साथ पुलिस फ्लैग मार्च कर रही है। लोगों से शांतिपूर्वक एवं कोविड-19 के निर्देशों के तहत त्योहार मनाने की अपील की जा रही है।
खोरीमहुआ : धनवार प्रखंड के गांवों में प्रशासनिक स्तर पर फ्लैग मार्च निकाला गया। इसकी शुरुआत धनवार थाना परिसर से थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह ने की। फ्लैग मार्च लाल बाजार, खोरीमहुआ, डोरंडा, बल्हारा, घोड़थंबा, कुबरी होऐ हुए नावागढ़ चट्टी तक पहुंचा। वहां पदाधिकारियों ने शांति व सौहार्दपूर्ण तरीके से त्योहार मनाने का संदेश दिया। थाना प्रभारी ने कहा कि त्योहार शांति से मने इसके लिए पूरा प्रशासनिक महकमा तैयार है। आम जनता निर्भिक होकर त्योहार का आनंद ले। मौके पर एसडीपीओ नवीन कुमार सिंह, सीओ शशिकांत सिकर, एसआई प्रियंका कुमारी, विशाल कुमार, वीर सिंह, मुकेश दयाल सिंह, आरके पांडेय, कृष्णकांत सिंह, सत्येंद्र पासवान आदि शामिल थे।
बगोदर : मुहर्रम का त्योहार शांतिपूर्ण व सौहार्दपूर्ण तरीके से मनाने को लेकर शुक्रवार की शाम बगोदर थाना प्रभारी नवीन कुमार सिंह व सीओ आशुतोष ओझा के नेतृत्व में बाजार में फ्लैग मार्च निकाला गया। इस फ्लैग मार्च ने थाना से निकलकर मस्जिद रोड होते हुए पूरे बगोदर बाजार का भ्रमण किया। इस दौरान पुलिस प्रशासन ने लोगों को मास्क लगाने की हिदायत दी और बिना मास्क लगाए खड़े लोगों को कड़ी फटकार लगाई।
निमियाघाट : निमियाघाट थाना क्षेत्र में शुक्रवार को पुलिस ने फ्लैग मार्च किया। इस दौरान इसरी बस्ती, रांगामाटी, लक्ष्मणटुंडा, रोशनाटुंडा, निमियाघाट, असनासिघा, असुरबांध, खाखी आदि क्षेत्रों का भ्रमण किया गया। थाना प्रभारी विकास पासवान ने कहा कि वे किसी के बहकावे में ना आएं। बीडीओ सोमनाथ बंकीरा एवं सीओ रवि भूषण प्रसाद ने कहा कि शारीरिक दूरी एवं लॉकडाउन का पालन करते हुए पर्व को मनाएं। इसमें प्रशिक्षु दारोगा रोशन कुमार पासवान, शशि सिंह, साकेत प्रताप देव, स्वराज कुमार सहित काफी संख्या में पुलिस शामिल थी।
-----------------------
मंडरो में शांति समिति की बैठक
संस, देवरी : मंडरो बाजार में शुक्रवार को शांति समिति की बैठक हुई। थाना प्रभारी अनूप रोशन भेंगरा ने कहा कि इस वर्ष कोरोना के कारण मोहर्रम पर्व सादे समारोह में मनाना है। इसमें ताजिया का जुलूस नहीं निकालना है और ना ही अखाड़ा का खेल खेलना है। सारे कार्यो में शारीरिक दूरी का पालन करते हुए केवल तजिया उठाना है। मौके पर सीआई राजकुमार प्रजापति, एसआई पिंकू प्रसाद, बरवाबाद के मुखिया रामचंद्र वर्मा, सलयडीह उर्फ खोरीडीह के विनोद पासवान, मारुडीह के मुकुंद सिंह, जनार्दन पटेल, यूसुफ अंसारी, दिल मुहम्मद अंसारी, लुकमान अंसारी, मुख्तार अंसारी, जैनुल अंसारी, मुबारक अंसारी आदि मौजूद थे।