सगाई में जा रहा था वार्ड पार्षद का परिवार, काल ने मारा झपट्टा
जागरण संवाददाता बेंगाबाद (गिरिडीह) बेंगाबाद में सड़क हादसे में गिरिडीह वार्ड संख्या नौ के
जागरण संवाददाता, बेंगाबाद (गिरिडीह): बेंगाबाद में सड़क हादसे में गिरिडीह वार्ड संख्या नौ के पार्षद अमित वरदियार और देवघर के प्रवीण मंडल की मौत से कोहराम मच गया है। इस घटना में वार्ड पार्षद के परिवार के आधा दर्जन सदस्य जख्मी हो गए। वार्ड पार्षद के परिजनों के क्रंदन से हर आंख नम हो गई।
बताते हैं कि पार्षद अमित अपने परिवार के साथ रिश्तेदार के घर सगाई समारोह में देवघर जा रहे थे। रास्ते में ही यह घटना हो गई। सगाई की परिवार में जो खुशियां थीं उन पर कुछ वक्त में ही मातम की चादर फैल गई। पार्षद अमित के परिवार के अन्य सदस्य जो इस समारोह में हिस्सा लेने देवघर जा रहे थे वे बीच रास्ते से ही वापस घर लौट आए। सूचना पाकर घटनास्थल पर विधायक निर्भय कुमार शाहाबादी, पूर्व विधायक चंद्रमोहन प्रसाद, महापौर सुनील पासवान, उपमहापौर प्रकाश राम, पूर्व नप अध्यक्ष दिनेश यादव, अधिवक्ता चुन्नूकांत व अजय कुमार सिन्हा मंटू, जदयू जिलाध्यक्ष सरयू गोप, वार्ड पार्षद प्रतिनिधि शिवम आजाद के अलावा काफी संख्या में शुभचितकों की भीड़ अस्पताल पहुंच गई। सभी परिजनों को सांत्वना दे रहे थे। वार्ड पार्षद के साथ पूरे परिवार के जख्मी होने की खबर पूरे शहर में कुछ देर में आग की तरह फैल गई। अन्य वाहनों से देवघर जा रहे परिवार के अन्य सदस्य घटना की जानकारी मिलते ही वापस लौट गए। हादसे से परिवार के सदस्य बिलख रहे थे।