कांग्रेस में प्रदेश अध्यक्ष को भी टिकट की गारंटी नहीं: प्रदीप बलमुचू
Pradeep Balmuchu. पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप बलमुचू के मुताबिक, कांग्रेस में टिकट का फैसला आलाकमान करता है। प्रदेश अध्यक्ष को भी टिकट मिलने की गारंटी नहीं होती है।
जागरण संवाददाता, गिरिडीह। झारखंड प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष डॉ. अजय कुमार के धनबाद लोकसभा सीट से चुनाव लड़ने की अटकलें तेज है। इस पर पूर्व प्रदेश कांग्रेस अध्यक्ष प्रदीप बलमुचू का कहना है कि कांग्रेस में टिकट का फैसला आलाकमान करता है। उन्होंने कहा कि प्रदेश अध्यक्ष को भी टिकट मिलने की गारंटी नहीं होती है।
इस संबंध में अपना उदाहरण देते हुए कहा कि जब वे प्रदेश अध्यक्ष थे तो पश्चिमी सिंहभूम लोकसभा सीट से चुनाव लड़ना चाहते थे। पूरी तैयारी भी की थी। लेकिन अंतिम में उनका ही टिकट कट गया। इस कारण कौन चुनाव लड़ेगा और कहां से लड़ेगा, यह तय करना आलाकमान को है। साथ ही, यह भी कहा कि धनबाद समेत किसी भी सीट से लड़ने के लिए कांग्रेस के पास मजबूत नेताओं की कमी नहीं है।
वहीं, पूर्व मुख्यमंत्री मधु कोड़ा के संबंध में कहा कि उन्हें कांग्रेस में शामिल नहीं किया गया है। उनकी पत्नी विधायक गीता कोड़ा जरूर कांग्रेस में शामिल हुई हैं। पश्चिमी सिंहभूम लोस सीट से चुनाव लड़ने के सवाल पर कहा कि पार्टी आदेश देगी तो वे जरूर वहां से लड़ेंगे।
इधर, गिरिडीह जिला कांग्रेस से निष्कासित किए गए उपेंद्र सिंह के संबंध में कहा कि वे कांग्रेस के कार्यकर्ता हैं। मौके पर पार्टी के जिलाध्यक्ष नरेश वर्मा, प्रदेश प्रतिनिधि नरेंद्र सिन्हा छोटन, मदन विश्वकर्मा, सतीश केडिया, कृष्णा सिंह, उपेंद्र सिंह, अशोक विश्वकर्मा, महमूद अली खान, शेखर सहाय, रमन मिश्रा, पोरेस नाथ मित्रा, नदीम अख्तर, गोविंद तुरी आदि मौजूद थे। बलमुचू बाद में दिवंगत कांग्रेस नेता रवींद्र सिंह के आवास गए और उनके परिजनों से मिलकर सांत्वना दी। बलमुचू ने कहा कि रवींद्र सिंह का निधन कांग्रेस के लिए बड़ा झटका है।