उद्योगपतियों को मिली स्कूलों को संवारने की जिम्मेवारी
उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने सीएसआर मद से सुंदरीकरण किए जा रहे स्कूलों का निरीक्षण किया।
गिरिडीह : उपायुक्त राहुल कुमार सिन्हा ने सीएसआर मद से सुंदरीकरण किए जा रहे स्कूलों का निरीक्षण किया। उन्होंने नेहरू मध्य विद्यालय, कमला नेहरू कन्या मध्य विद्यालय पचम्बा, मध्य विद्यालय छाताटांड़, राजकीय कन्या मध्य विद्यालय, मध्य विद्यालय बदडीहा एवं मिर्जा गालिब उर्दू विद्यालय का भ्रमण कर स्कूलों के भवनों का जायजा लिया।
निरीक्षण के क्रम उपायुक्त ने अतिवीर इंडस्ट्रीज को नेहरू मध्य विद्यालय के मैदान में पेवर ब्लॉक व टाइल्स लगाने का निर्देश दिया। विद्यालय में बिजली की आपूर्ति सुनिश्चित करने, बल्ब, पंखा आदि लगाने का भी निर्देश दिया। इसके अलावा विद्यालयों में वाल पुट्टी, भवन का रंग रोगन करने की बात कही। पेयजल एवं शौचालय की सुविधा उपलब्ध कराने, चहारदीवारी कराने तथा गेट लगाने का निर्देश दिया। इसके अलावा स्थानीय कमेटी को विद्यालय प्रांगण में स्थित दुर्गा चबूतरा का सुंदरीकरण एवं उसके ऊपरी हिस्से की मरम्मत कराने का निर्देश दिया गया।
उपायुक्त ने स्वाति इंडस्ट्रीज से कहा कि कमला नेहरू कन्या मध्य विद्यालय में रंग रोगन, वाल पुट्टी कराना सुनिश्चित करें। साथ ही विद्यालय में सिविल वर्क और सौंदर्यीकरण पर विशेष ध्यान देंगे। विद्यालय के मैदान में टाइल्स लगवाने का निर्देश दिया।
उपायुक्त जिला शिक्षा अधीक्षक अरविद कुमार को मध्य विद्यालय छाताटांड़ में आवश्यक मूलभूत सुविधाओं की उपब्धता सुनिश्चित करने का निर्देश दिया। मोंगिया इंडस्ट्रीज को राजकीय कन्या मध्य विद्यालय पचंबा की चहारदीवारी का सुंदरीकरण तथा स्कूल के मैदान में पेवर ब्लॉक, टाइल्स, लैंड स्कैपिग, वाल पुट्टी आदि कराने का निर्देश दिया। विद्यालय परिसर का सुंदरीकरण करने और असैनिक कार्य पर भी विशेष ध्यान देने का निर्देश दिया।
बालमुकुंद इंडस्ट्रीज को मिर्जा ग़ालिब उर्दू मध्य विद्यालय के भवन में टाइल्स, पेवर ब्लॉक लगाने का निर्देश दिया। साथ ही कहा कि वाल पुट्टी, रंग रोगन का कार्य भी करें। बच्चों की सुरक्षा के मद्देनजर छत पर तीन फीट की बाउंड्री की घेराबंदी करने की बात कही। गुणवंत सिंह सलूजा के अलावा उद्योग विभाग व औद्योगिक घरानों के प्रतिनिधि आदि उपस्थित थे।