विक्षुब्ध भाजपाइयों ने जिलाध्यक्ष के खिलाफ मोर्चा खोला
गांडेय (गिरिडीह) प्रखंड मुख्यालय के समीप स्थित पार्टी कार्यालय में मंगलवार को भाजपाइयों की
गांडेय (गिरिडीह) : प्रखंड मुख्यालय के समीप स्थित पार्टी कार्यालय में मंगलवार को भाजपाइयों की बैठक हुई। बैठक में जिलाध्यक्ष महादेव दुबे की बर्खास्तगी को लेकर आठ जनवरी को जिला कार्यालय में आहूत धरना कार्यक्रम की तैयारियों पर चर्चा की गई। पूर्व सांसद प्रतिनिधि जयमंगल राय ने कहा कि जिला समेत गांडेय में भाजपा बहुत मजबूत स्थिति में है, लेकिन कुछ माफिया व दलाल पार्टी को तोड़ने व उसे गंदा करने का प्रयास कर रहे हैं। पार्टी को तोड़नेवाले दलालों को कार्यकर्ता कभी माफ नहीं करेंगे। इसके लिए प्रदेश स्तर तक आंदोलन किया जाएगा। अल्पसंख्यक मोर्चा के प्रदेश कार्यसमिति सदस्य एंथोनी स्वामी ने कहा कि जिला में आहूत धरना में गांडेय से लगभग पांच सौ सक्रिय कार्यकर्ता शामिल होंगे। जिलाध्यक्ष मनमानी तरीके से पार्टी में अपना फैसला दे रहे हैं। चुनाव में पार्टी विरोधी कार्य करनेवाले को सम्मानित दर्जा दिया जा रहा है। जिला में धरना देने के बाद भी यदि कार्रवाई नहीं हुई तो प्रदेश कार्यालय में धरना दिया जाएगा।
पूर्व जिला मंत्री सुमित कुमार सिंह व मुफ्फसिल प्रखंड के भोला मंडल ने कहा कि जिलाध्यक्ष दुबे की ओर से गठित कमेटी में घोर अनियमितता हुई है। पार्टी को बेचने का काम किया गया है। कमेटी में एक भी पार्टी के निष्ठावान कार्यकर्ता को जगह नहीं दी गई है। मंडल कमेटी में भी सर्वसम्मति से चयनित अध्यक्ष को दरकिनार कर दूसरे को जगह दी गई है। जिलाध्यक्ष की बर्खास्तगी को लेकर आंदोलन किया जाएगा। बैठक में मोहन हाजरा, संचित गुप्ता, अमीन साव, बासदेव वर्मा, शंकर सिंह, सुजीत पांडेय, जितेंद्र सिंह, विकास पाठक, अजय राम, बेलभद्र राय, भागीरथ मंडल आदि शामिल थे।