गिरिडीह में भैंस नहलाने गए चार बच्चे डूबे, दो भाइयों की जान गई
Death of brother in pond. झारखंड के गिरिडीह में भैंस नहलाने गए चार बच्चे डूबे गए। दो भाइयों की जान गई।
जागरण संवाददाता, सियाटांड़ (गिरिडीह)। सियाटांड़ के नवडीहा ओपी क्षेत्र के कैरीडीह गांव में शनिवार को दोपहर भैंस नहलाने गए चार भाई-बहन तालाब में डूब गए। दोनों बहनें तो किसी प्रकार सुरक्षित पानी से निकल गई, पर चचेरे भाइयों की जान चली गई। मरने वाले बच्चों में नेपाली यादव का नौ वर्षीय पुत्र मनीष कुमार यादव एवं नागेश्वर यादव का आठ वर्षीय पुत्र वीरेंद्र कुमार यादव हैं। दोनों बच्चे केएम पब्लिक स्कूल में पढ़ते थे। ये बच्चे गांव के ही तालाब पर भैंस को नहलाने गए थे।
हादसे से पूरे गांव में मातम है। जमुआ के अंचल अधिकारी रामबालक कुमार सूचना पाते ही कैरीडीह गांव आए। दुखी परिजनों को सांत्वना दी। पीड़ित परिवार को सरकार की ओर से हर संभव मदद दिलाने का आश्वासन दिया। शनिवार को रामनवमी के उत्साह में सभी डूबे थे। तभी इस हादसे की सूचना मिली।
स्कूल की थी छुट्टी, बेहद खुश थे बच्चे
रामनवमी के पर्व के कारण बच्चों के स्कूल बंद थे। नेपाली यादव एवं नागेश्वर यादव के बच्चे बेहद खुश थे। नेपाली यादव का पुत्र मनीष कुमार यादव, उसकी बड़ी बहन 12 वर्षीय पूजा कुमारी तथा नागेश्वर यादव का पुत्र वीरेंद्र कुमार यादव एवं उसकी बड़ी बहन 13 वर्षीय निशू कुमारी गांव के ही एक और बच्चे के साथ भैंस को नहलाने तालाब गए थे। भैंस को नहलाने से पहले ही साथ गया गांव का वह बच्चा स्नान कर वापस लौट गया। इस बीच चारों भाई-बहन तालाब में भैंस को नहलाने लगे। इसके बाद खुद स्नान करने लगे। अचानक चारों भाई-बहन पानी में डूबने लगे। बड़ी बहन निशू ने हिम्मत दिखाई और किसी तरह पानी से सुरक्षित निकल आई।
पूजा एवं दोनों छोटे भाई मनीष और वीरेंद्र पानी में डूबने लगे। यह देख निशू ने शोर मचाया। शोर सुन ग्रामीण सुधीर साव पहुंचे। सुधीर ने तालाब में कूदकर पूजा को सुरक्षित बाहर निकाला। वहीं अन्य दोनों बच्चों को नहीं बचा सका। दोनों भाई पानी में डूब गए। शोर सुन अन्य ग्रामीण भी पहुंच गए थे। दोनों बच्चों को पानी से निकाला गया, पर उनकी मौत हो चुकी थी।