जमीन विवाद में हत्या के बाद पुलिस कर रही कैंप
गावां थाना क्षेत्र के बेन्ड्रो गांव में बुधवार की सुबह जमीन विवाद में चचेरे भाइयों के बीच हुए खूनी झड़प में चचेरे भाइयों द्वारा हुलास यादव की हत्या किए जाने के बाद फिर कोई बवाल नहीं हुआ इसके लिए एहतियातन गांव में पुलिस की टीम दिन रात कैम्प कर रही है।
गावां (गिरिडीह): गावां थाना क्षेत्र के बेंड्रो में बुधवार की सुबह जमीन विवाद में चचेरे भाइयों के बीच हुए खूनी झड़प में हुलास यादव की हत्या किए जाने के बाद फिर कोई बवाल नहीं हुआ। इसके लिए एहतियातन गांव में पुलिस की टीम दिन रात कैंप कर रही है। घटना के बाद दूसरे पक्ष के तीन लोगों की गिरफ्तारी व अन्य परिवार के सदस्यों को नामजद अभियुक्त बनाए जाने के बाद सुरेश यादव, सहदेव यादव व जागेश्वर यादव के घर पर ताला लटका हुआ है। महिलाएं भी रिश्तेदारों के यहां चली गई हैं। पुलिस की मौजूदगी में इन घरों में रिश्तेदार गुरुवार को पहुंचकर घर के बाहर बंधे मवेशियों को खाना पानी देकर वापस लौट गए।
सुरेश यादव, सहदेव यादव व जागेश्वर यादव ने जमीन विवाद में अर्जुन यादव, दरोगी यादव, हुलास यादव व सांचो यादव के बीच मारपीट हुई थी जिसमें लाठी, डंडे, फरसा रोड आदि चलाए गए थे जिसमें हुलास यादव की मौत हो गई व दरोगी यादव, सांचो यादव, जगदेव यादव को चोट लगी थी।
दूसरे पक्ष के सहदेव की हालत नाजुक: दूसरे पक्ष के सहदेव यादव, सुरेश यादव, जागेश्वर यादव, प्रमिला देवी आदि भी जख्मी हुए थे। गंभीर रूप से घायल सहदेव यादव की स्थिति नाजुक बनी हुई है। घायलावस्था में उन्हें धनबाद ले जाया गया जहां से रांची एसएम मेमोरियल अस्पताल में भर्ती कराया गया था। वहां से भी डॉक्टरों ने जवाब दे दिया है। अब उसे रिम्स में भर्ती कराया गया है जहां वे अंतिम सांसें गिन रहे हैं।
------------
तीन हत्यारोपितों को भेजा गया जेल
गावां: थाना पुलिस ने गुरुवार को हत्या के आरोप में तीन आरोपितों को जेल भेज दिया। बुधवार को गावां थाना क्षेत्र के बेड्रो में जमीन विवाद को लेकर चचेरे भाइयों में जमकर मारपीट हो गई थी। मारपीट की घटना में हुलास यादव की मौत हो गई थी तथा कई लोग घायल हो गए थे। पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए तीन हत्यारोपितों अजय प्रसाद यादव, सुरेश प्रसाद यादव व जागेश्वर प्रसाद यादव को गिरफ्तार कर लिया था जिसे गुरुवार को जेल भेज दिया गया। गावां थाना प्रभारी विजय केरकेट्टा ने कहा कि हत्या के आरोप में गिरफ्तार तीन आरोपितों को जेल भेजा गया है। वहीं शेष की गिरफ्तारी के लिए छापेमारी की जा रही है।