शादी के 12 साल बाद दहेज के लिए कर रहे प्रताड़ित
संवाद सहयोगी, निमियाघाट (गिरिडीह): डुमरी थाने की पुलिस ने दहेज प्रताड़ना के मामले में पति
संवाद सहयोगी, निमियाघाट (गिरिडीह): डुमरी थाने की पुलिस ने दहेज प्रताड़ना के मामले में पति सहित चार लोगों पर सोमवार को एफआइआर दर्ज की। आरोपितों में महिला का पति असलम अंसारी, जेठ जमशेद आलम, ससुर अब्दुल जलील तथा सास असमां खातून शामिल हैं। सभी आरोपित फरार हैं। इनकी गिरफ्तारी के लिए पुलिस छापेमारी कर रही है।
सरिया थाना क्षेत्र के कुसमरजा निवासी इदरिश अंसारी की पुत्री नुरैशा खातून ने थाने में दिए आवेदन में कह है कि उसकी शादी 12 वर्ष पूर्व सुईयाडीह निवासी असलम अंसारी के हुई थी। शादी के बाद कुछ साल तक ससुराल में वह ठीक से रही। एक पुत्र और एक पुत्री को जन्म दिया। पुत्र की उम्र करीब 8 वर्ष तथा बेटी की उम्र दो वर्ष है। लड़की के जन्म के बाद से ससुराल वाले दहेज में 50 हजार रुपये एवं पलंग की मांग करने लगे। इसके लिए उसे लगातार प्रताड़ित कर रहे हैं। मारपीट और गालीगलौज भी करते हैं। 28 अगस्त को वह अपने कमरे में सो रही थी। तभी जेठ कमरे में आया और छेड़छाड़ करने लगा। विरोध करने और शोर मचाने पर उसने गला दबाकर उसे जान से मारने का प्रयास किया। सास, ससुर और पति भी उसकी इस करतूत का समर्थन कर रहे थे।