मौसा ने सिर में रॉड घुसा दो मासूमों को मार डाला
शादी समारोह में मामा घर आए अहिल्यापुर थाना क्षेत्र के दलदला गांव से अपहृत दो मासूम बच्चों पांच वर्षीय सोनू यादव एवं तीन वर्षीय छोटू यादव की हत्या किसी और ने नहीं बल्कि उसके अपने मौसा ने ही तीन अन्य लोगों के साथ मिलकर की थी। दोनों बच्चे गांडेय थाना क्षेत्र के चरघरा निवासी मुकेश कुमार यादव के पुत्र थे।
संवाद सहयोगी, अहिल्यापुर (गिरिडीह) : अहिल्यापुर के दलदला गांव में वैवाहिक समारोह में मामा के घर आए तीन साल के छोटू यादव और पांच वर्ष के सोनू यादव की हत्या उसके अपने मौसा विकास यादव एवं मामा के साले सिकंदर यादव ने की थी। दो और लोगों ने हत्या में सिकंदर का साथ दिया था। विकास और सिकंदर ने मासूम बच्चों का अपहरण किया था। फिर दोनों मासूमों के सर में रॉड घुसा दिया था। दोनों बच्चों के पिता गांडेय थाना के चरघरा गांव के मुकेश कुमार यादव हैं। पुलिस ने उस रॉड को बरामद कर लिया है जिससे हत्या की गई थी। मौसा विकास यादव मधुपुर के मरगोमुंडा का रहने वाला है, तो सिकंदर जमुआ के जोरासांख का निवासी है।
पुलिस अनुसंधान में यह बात सामने आई कि दोनों मासूम बच्चों को बेरहमी से मारा गया था। दोनों के सर में लोहे की नुकीली छड़ घोंपा गया था। फिर दोनों मासूम का हाथ पांव बांध कर तालाब में फेंक दिया गया था। पुलिस अनुसंधान में यह बात आई कि साली से अवैध संबंध के कारण यह हत्या हुई है। मौसा दोनों बच्चों को अपने संबंध को कायम रखने में रोड़ा मानता था। अहिल्यापुर पुलिस ने विकास यादव और दोनों बच्चों की मां को पूछताछ के लिए देर शाम हिरासत में ले लिया। :------------------ शराब पीने के बाद सिकंदर ने दिया विकास का साथ
चरघरा इंटर कॉलेज के छात्र सिकंदर विवाह समारोह में बहन के यहां आया था। सिकंदर ने पुलिस को बताया कि रात में शराब पिलाने के बाद विकास ने उसे दोनों बच्चों की हत्या के लिए तैयार किया था।
-----------------
दोनों बच्चों के मौसा विकास यादव और सिकंदर यादव को गिरफ्तार किया गया है। चार लोगों ने मिल कर इस हत्याकांड को अंजाम दिया है। जल्द मामले का खुलासा हो जाएगा। जीतेंद्र ठाकुर, थानाप्रभारी, गांडेय थाना