वोटरों को साधने मुंबई तक पहुंचे बाबूलाल, मांगा सहयोग
जागरण संवाददाता, गिरिडीह: झाविमो सुप्रीमो सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी सोमवार को वोट
जागरण संवाददाता, गिरिडीह: झाविमो सुप्रीमो सह पूर्व मुख्यमंत्री बाबूलाल मरांडी सोमवार को वोटरों को साधने मुंबई पहुंचे। झारखंड के प्रवासियों ने छत्रपति शिवाजी टर्मिनल पर उनका स्वागत किया। उनके साथ झाविमो के केंद्रीय सचिव सुरेश साव भी थे। मरांडी मुंबई के चैंबूर, कुर्ला, वडाला और अंधेरी में आयोजित मिलन समारोह में शामिल हुए।
समारोह को संबोधित करते हुए मरांडी ने कहा कि आपका प्यार और सम्मान मुझे यहां तक खींच लाया। आपसबों को धन्यवाद देते हुए बस इतना कहना चाहते हैं कि आप सभी का साथ और सहयोग मिला तो राज्य में रोजगार, मेट्रो सिटी के स्तर की स्वास्थ्य सेवाएं एवं बेहतर शिक्षा का मार्ग प्रशस्त करेंगे। साव ने कहा कि इतनी बड़ी संख्या में आपकी उपस्थिति बाबूलाल मरांडी के प्रति आपका विश्वास और आस्था को जाहिर करता है। इसी आस्था और विश्वास के साथ यदि आप सभी ने जेवीएम का साथ दिया तो आपके सम्मान को कभी झुकने नहीं देंगे। समारोह में जेवीएम केंद्रीय कमेटी सदस्य सह जिप सदस्य रजनी कौर सहित गिरिडीह जिला के विभिन्न प्रखंडों से रोजगार के लिए गए युवा तथा झारखंड के सैकड़ों पुरुष-महिला उपस्थित थे। विदित हो कि कोडरमा लोकसभा क्षेत्र के हजारों मजदूर मुंबई समेत देश के विभिन्न राज्यों में काम करते हैं।