विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

गिरिडीह में SIR के दौरान जिंदा मतदाताओं को मतदाता सूची से ‘मारने’ की कोशिश, थाने पहुंची शिकायत

Published: Wed, 16 Sep 2026 12:28 PM (IST)

Giridih SIR Dispute: गिरिडीह के पचंबा थाना क्षेत्र में 20-25 महिलाओं ने शिकायत की है कि जीवित होने के बावजूद ...और पढ़ें

फार्म-7 भरने की शिकायत लेकर पचंबा थाने में पहुंचे जीवित मतदाता। (फोटो जागरण)

फार्म-7 भरने की शिकायत लेकर पचंबा थाने में पहुंचे जीवित मतदाता। (फोटो जागरण)

HighLights

  1. गिरिडीह में जीवित महिलाओं के नाम मतदाता सूची से हटाने का आरोप।

  2. पचंबा थाना में 20-25 महिलाओं ने शिकायत दर्ज कराई।

  3. झामुमो जिलाध्यक्ष ने मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की।

जागरण संवाददाता, गिरिडीह। Giridih SIR Dispute मैं तो अभी जिंदा हूं, लेकिन एसआइआर की प्रक्रिया पूरी होने के क्रम में मतदाता सूची से नाम हटाने की साजिश की जा रही है। यह किसी एक महिला का नहीं, बल्कि पचंबा थाना क्षेत्र के वार्ड संख्या दो के भाग संख्या-चार में एसआइआर प्रक्रिया के तहत जीवित महिला का नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए फॉर्म संख्या-सात जमा किए जाने का मामला मंगलवार को उस वक्त सामने आया, जब एक साथ 20-25 महिलाएं अपनी शिकायत लेकर पचंबा थाना पहुंचीं।

पीड़िता शाहिदा खातून समेत अन्य लोगों ने आवेदन देकर पूरे मामले की जांच कर दोषी पर कार्रवाई करने की मांग की है। इधर, मामले की जानकारी मिलते ही झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह समेत पार्टी के कई नेता व कार्यकर्ता भी थाना पहुंचे तथा थाना प्रभारी राजीव कुमार से मुलाकात कर मामले में उचित जांच कर कार्रवाई सुनिश्चित करने की मांग की।

शाहिदा ने अपने आवेदन में कहा है कि वह शहादत अंसारी की पत्नी हैं और भाग संख्या-चार की मतदाता हैं। वह जीवित हैं और वर्तमान पते पर निवास कर रही हैं। शाहिदा ने भाजपा की ओर से नियुक्त भाग संख्या-चार के बीएलए-2 पर आरोप लगाया है। कहा है कि मतदाता सूची से नाम हटाने की मंशा से उनके नाम का फॉर्म संख्या-सात जमा किया गया है।

शाहिदा ने कहा है कि जीवित होने के बावजूद उनका नाम मतदाता सूची से हटाने का प्रयास उनके मताधिकार व नागरिक अधिकारों को प्रभावित करने वाला है। उन्होंने मामले की जांच कर दोषी के खिलाफ कार्रवाई की मांग की है।

इधर, झामुमो जिलाध्यक्ष संजय सिंह ने आरोप लगाते हुए कहा कि वार्ड संख्या-दो के करीब 20-25 लोगों के नाम मतदाता सूची से हटाने के लिए षड्यंत्र के तहत फॉर्म संख्या-सात दिया गया है।

किसी भी जीवित मतदाता का नाम गलत तरीके से मतदाता सूची से हटना उसके मताधिकार का हनन है। इस तरह जीवित मतदाताओं के नाम हटाने का प्रयास एक गंभीर विषय है। ऐसे में जिला प्रशासन से मांग है कि इस मामले में संज्ञान लेते हुए जांच कर दोषियों को चिह्नित कर कार्रवाई की जाए।

थाना प्रभारी राजीव कुमार ने बताया कि इस मामले में 20 से 25 लोगों ने थाने में आवेदन देकर शिकायत की है, जिसकी जांच की जा रही है।