धोखाधड़ी मामले में आठ वर्ष से फरार चार आरोपित धराए
जागरण संवाददाता गिरिडीह फर्जी दस्तावेज के आधार पर धोखाधड़ी करने के मामले में आठ साल
जागरण संवाददाता, गिरिडीह : फर्जी दस्तावेज के आधार पर धोखाधड़ी करने के मामले में आठ साल से फरार चार आरोपितों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों में गांडेय थाना क्षेत्र के फूलजोरी गांव निवासी अब्दुल रहमान, मो. अजीज मियां, मो. हाफिज मियां व मो. हामिद अंसारी शामिल हैं। आरोपितों के घर पर रहने की पुलिस को गुप्त सूचना मिली, जिसके आधार पर छापेमारी करते हुए इन फरार आरोपितों को उनके घर से दबोचा गया। इस मामले के अनुसंधानकर्ता पुलिस अवर निरीक्षक किशन कुमार ने सदलबल छापेमारी करते हुए सभी को गिरफ्तार किया है। गिरफ्तार आरोपितों से पूछताछ करने के बाद सोमवार को उनकी कोरोना व स्वास्थ्य जांच कराई गई। इसके बाद न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया जहां से न्यायालय के आदेश पर उन्हें जेल भेज दिया गया। इन आरोपितों के खिलाफ नगर थाने में 11 जुलाई 2013 को हजारीबाग की एक कंपनी निको इंडस्ट्रीज के प्रबंधक अरविद देव ने आवेदन देकर प्राथमिकी दर्ज कराई थी। प्राथमिकी में कहा था कि उक्त लोगों ने कंपनी में कार्य करते हुए जमीन की फर्जी दस्तावेज के आधार पर कंपनी के साथ धोखाधड़ी की है। इधर प्राथमिकी दर्ज होने के बाद से उक्त आरोपित फरार चल रहे थे।