पलामू, चतरा व कोडरमा संसदीय सीट पर अपना प्रत्याशी उतारेगा राजदः अन्नपूर्णा देवी
RJD. अन्नपूर्णा देवी के मुताबिक, झारखंड में पलामू, चतरा व कोडरमा संसदीय सीट पर राजद अपना प्रत्याशी उतारेगा।
संवाद सहयोगी, गढ़वा। लालू संदेश यात्रा पर निकलीं प्रदेश राजद अध्यक्ष अन्नपूर्णा देवी ने कहा कि संदेश यात्रा को लेकर कार्यकर्ता व आम जनता में काफी उत्साह है। केंद्र व राज्य में भाजपा की सरकार को हटाने के लिए जनता पूरी तरह से मन बना चुकी है। भाजपा सरकार जनता को गुमराह करने का काम कर रही है। भाजपा सरकार को जितना पाकिस्तान व चीन से डर नहीं है, उससे ज्यादा लालू प्रसाद यादव से डर है। भाजपा सरकार लालू प्रसाद को लोकसभा व विधानसभा चुनाव तक जेल में बंद रखना चाहती है। संदेश यात्रा के क्रम में अन्नपूर्णा देवी सोमवार को परिसदन भवन में पत्रकारों से बात कर रही थीं।
एक सवाल के जवाब में उन्होंने कहा कि लोकसभा चुनाव में राजद पलामू, चतरा तथा कोडरमा से अपना प्रत्याशी उतारेगा। क्योंकि ये तीनों सीटें राजद की परंपरागत सीटेें रही हैं। उन्होंने कहा कि राज्य के मुख्यमंत्री रघुवर दास दूसरे प्रदेश का नकल करते हैं। लेकिन रघुवर दास को नकल भी नहीं करने आता है। नकल करने के लिए अक्ल का होना जरूरी है।
इस मौके पर पूर्व सांसद घूरन राम, बुद्धिजीवि प्रकोष्ठ के प्रदेश अध्यक्ष डॉ. एमएन खान, पूर्व विधायक जनार्दन पासवान, जिलाध्यक्ष मो. शरीफ अंसारी, युवा जिलाध्यक्ष सूरज सिंह, मो. शमीम, रंजन चौबे, अरविंद मिश्रा राजकुमार मधेशिया आदि लोग उपस्थित थे।