सड़क दुर्घटना में छात्र की मौत, एक घायल
गिरिडीह : बेंगाबाद थाना अंतर्गत खंडोली मोड़ के पास रविवार रात को सड़क दुर्घटना में एक छ
गिरिडीह : बेंगाबाद थाना अंतर्गत खंडोली मोड़ के पास रविवार रात को सड़क दुर्घटना में एक छात्र की मौत हो गई, जबकि उसका साथी गंभीर रूप से घायल हो गया। घटना की सूचना मिलने के बाद बेंगाबाद थाना की पुलिस ने छात्र का शव एवं घायल युवक को सदर अस्पताल पहुंचाया। फिलहाल उक्त दोनों के परिजन अस्पताल नहीं पहुंचे थे।
इस संबंध में पुलिस पदाधिकारी ने बताया कि रात को सूचना मिली कि खंडोली मोड़ के पास एक्सीडेंट हो गया है। सूचना मिलने के बाद वहां जाने पर सड़क पर युवक का शव एवं पास ही क्षतिग्रस्त बाइक देखा गया। बताया कि शव को अस्पताल लाने की तैयारी की जा रही थी तभी वहां गंभीर रूप से घायल एक युवक और आ गया। दोनों को तत्काल सदर अस्पताल लाया गया। बताया कि मृतक की जेब से निकले पहचान पत्र के आधार पर उसका नाम मधुपुर के बराशेखपुर निवासी राजा हेम्ब्रम है। वह गिरिडीह कॉलेज में आइएससी प्रथम सेमेस्टर का छात्र था। उसके पास से मिले मोबाइल से उसके परिजन को फोन कर दिया गया है। घटना की जानकारी मिलने पर सदर अस्पताल एक युवती पहुंची और राजा को अपना दोस्त बताई। उसने कहा कि राजा साथी के साथ फुटबॉल खेलने मधुपुर गया था इसके अलावा उसे कुछ जानकारी नहीं है। राजा गिरिडीह में किराये के मकान में रहकर पढ़ाई करता था।
इधर घायल युवक ने अपना नाम बेंगाबाद थाना अंतर्गत हरलाडीह निवासी छंदोलाल मुर्मू बताया। घटना के बारे में वह कुछ स्पष्ट नहीं बता पा रहा था। उसने बताया कि वह महेशमुंडा चर्च जा रहा था तभी किसी वाहन ने टक्कर मार दी। यह स्पष्ट नहीं हो सका है कि राजा और छंदोलाल साथ में था या अलग-अलग।