सेविकाओं ने घेरा सांसद-विधायक आवास
गिरिडीह/बगोदर : अपनी मांगों के समर्थन में झारखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संयुक्त संषर्घ म
गिरिडीह/बगोदर : अपनी मांगों के समर्थन में झारखंड राज्य आंगनबाड़ी कर्मचारी संयुक्त संषर्घ मोर्चा के बैनर तले आंगनबाड़ी में कार्यरत सेविका एवं सहायिकाओं ने बुधवार को रैली निकालकर सांसद रवींद्र कुमार पांडेय एवं बगोदर के विधायक नागेंद्र महतो के आवास का घेराव किया। इस क्रम में सरकार विरोधी नारे भी लगाए गए। शहर में झंडा मैदान से रैली निकालकर पूरे शहर का भ्रमण करते हुए सांसद रवींद्र कुमार पांडेय के आवास का घेराव किया। इसके बाद उनकी अनुपस्थिति में सांसद के प्रतिनिधि को ज्ञापन सौंपा। वक्ताओं ने कहा कि इसी वर्ष जनवरी में किए गए हड़ताल के बाद संगठन एवं विभागीय मंत्री के बीच 11 सूत्री मांगों पर सहमति बनी थी। साथ ही कहा गया था कि उनकी मांगों को पूरा करने को लेकर कार्रवाई भी आरंभ कर दी जाएगी। लेकिन चार महीने बीत जाने के बाद भी इस पर कोई पहल विभाग की ओर से नहीं की जा रही है। इसी को लेकर संगठन ने फिर से चरणबद्ध आंदोलन आरंभ कर दिया है। इसके तहत आज सांसद के आवास का घेराव किया जा रहा है। इसके बाद भी उनकी मांगों को पूरा करने को लेकर कोई पहल नहीं की गई तो 30 मई को मुख्यमंत्री के आवास का घेराव करेंगे। प्रदेश अध्यक्ष देवंती देवी एवं प्रदेश सलाहकार प्रयाग यादव के नेतृत्व में हुए इस घेराव कार्यक्रम में सहला परवीन, नंदा सिन्हा, वीणा कुमारी, सरिता कुमारी, चंपा देवी, सुगनी देवी, मालती देवी, गुड़िया कुमारी, उषा देवी, सविता देवी समेत सैकड़ों की संख्या में सेविका-सहायिका व पोषण सखी की उपस्थिति रही।
बगोदर : बगोदर विधानसभा के तीनो प्रखंड बगोदर, सरिया एवं बिरनी की सेविका, सहायिका एवं पोषण सखियों ने अपनी मांगों को लेकर विधायक नागेंद्र महतो के खेतको स्थित आवास का घेराव किया। इसके पूर्व उत्क्रमित मध्य विद्यालय खेतको के पास से रैली निकाल कर नारेबाजी करते हुए विधायक आवास पहुंचे, जहां रैली सभा में तब्दील हो गई। प्रखंड आंगनबाड़ी संघ के सचिव रेखा मंडल के नेतृत्व में संपन्न इस घेराव में कहा गया कि सरकार को जब मांगों को पूरा ही नहीं करना था, तो सहमति क्यों दी थी, समझौता ही क्यों किया गया था। साथ ही चेतावनी भी दी गई कि अगर उनकी मांगें नहीं मानी गई तो मुख्यमंत्री के आवास का घेराव किया जाएगा। बाद में लोगों ने विधायक की अनुपस्थिति में भाजयुमो प्रदेश कार्य समिति सदस्य शशि कुमार को ज्ञापन सौंपा। मौके पर संघ के प्रखंड अध्यक्ष ¨टकू गोप, कोषाध्यक्ष पुष्पा कुमारी, उपाध्यक्ष शमा परवीन, रीतू देवी, विद्या देवी, आरती माथुर, सरिता कुमारी, सुनिता देवी, फूलमती कुमारी, रीना देवी, कंचन देवी, ललिता देवी, जयमाला वर्मा, मालती देवी आदि उपस्थित थीं।