बंगाल पुलिस ने साइबर अपराध में युवक को दबोचा
संस, तिसरी (गिरिडीह): लोकाय नयनपुर गांव से साइबर अपराध के आरोप में बंगाल पुलिस टीम ने शुक्रवार की
संस, तिसरी (गिरिडीह): लोकाय नयनपुर गांव से साइबर अपराध के आरोप में बंगाल पुलिस टीम ने शुक्रवार की सुबह दौलत कुमार मंडल को गिरफ्तार किया। उसे गिरफ्तार कर लोकाय थाना लाया गया। वहां उसके परिजन व सहयोगियों ने थाना के सामने जमकर विरोध किया।
सूचना मिलने पर लोकाय थाने से आरोपित व बंगाल पुलिस टीम को इंस्पेक्टर के नेतृत्व में एस्कॉर्ट कर तिसरी तक पहुंचाया।
जानकारी के अनुसार, बंगाल के कोलकाता अंतर्गत लेक थाने में मंजुला दत्ता के खाते से 1 लाख 50 हजार रुपये निकाले जाने की शिकायत बीते 11 नवंबर को की गई थी। इसके तहत साइबर अपराध से संबंधित एक प्राथमिकी थाना में दर्ज की गई थी और एक आरोपित को गिरफ्तार किया गया था। उससे पूछताछ के बाद जानकारी मिली कि लोकाय के दौलत कुमार मंडल के मुंबई में आईडीएफसी व धनबाद में कोटेक महेंद्रा बैंक के खाते में एक लाख 10 हजार रुपया ट्रांसफर किया गया है। एक खाते को फ्रिज कर दिया गया है। कोलकाता पुलिस मानना है कि गिरफ्तार युवक साइबर क्राइम गिरोह का सदस्य है। बंगाल पुलिस की टीम में आईओ संजय कॉल, अमित ¨सह, एजाज खान आदि शामिल थे।
परिजनों ने किया जमकर विरोध: लोकाय थाना में गिरफ्तार कर लाए गए साइबर आरोपित को छुड़ाने के लिए परिजनों ने जमकर हंगामा किया। यहां तक कि पुलिस व प्रेस को भी धमकी दी गई और आरोपित दौलत को किसी भी हाल में बंगाल पुलिस को नहीं ले जाने देने की चुनौती दे डाली। बंगाल पुलिस ने इसकी सूचना अंचल निरीक्षक कुलदीप राम को दी। लोकाय थाने में इंस्पेक्टर कुलदीप राम, देवरी थाना प्रभारी पुरुषोत्तम कुमार उपाध्याय समेत अन्य पदाधिकारी व जवानों के पहुंचते ही विरोध कर रहे परिजन वहां से भाग निकले।
उक्त केस के आईओ संजय कॉल ने बताया कि कोलकाता कोर्ट से वारंट लेकर आरोपित को गिरफ्तार किया गया है। उससे पूछताछ की जाएगी।