विज्ञापन हटाएंसिर्फ खबर पढ़ें

जान पर भारी पड़ा 'Reel' का जुनून: गांडेय की जयंती नदी में 3 बच्चे डूबे, गांव में पसरा सन्नाटा

By Mukesh mahtoEdited By: Sanjeev Kumar
Published: Tue, 15 Sep 2026 10:32 PM (IST)

गांडेय के मेढ़ो पुल स्थित जयंती नदी में रील बनाने और नहाने गए तीन मासूम बच्चों की गहरे पानी में ...और पढ़ें

बेंगाबाद से पहुंची जिला रेस्क्यू टीम के गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों के शवों को नदी से बरामद किया।

बेंगाबाद से पहुंची जिला रेस्क्यू टीम के गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों के शवों को नदी से बरामद किया।

HighLights

  1. रील बनाने और नहाने के दौरान हुआ यह दर्दनाक हादसा।

  2. जिला रेस्क्यू टीम ने तीनों शवों को नदी से निकाला।

संवाद सहयोगी, गांडेय। गिरिडीह जिला अंतर्गत गांडेय थाना क्षेत्र के मेढ़ो पुल स्थित जयंती नदी के मुहाने में नहाने और Reel बनाने गए तीन मासूम बच्चों की गहरे पानी में डूबने से मौत हो गई। 
 
घटना के बाद बेंगाबाद (भोजडीहा) से पहुंची जिला रेस्क्यू टीम के गोताखोरों ने कड़ी मशक्कत के बाद तीनों बच्चों के शवों को नदी की गहराई से बरामद किया। 
 
एक साथ तीन बच्चों की असमय मौत से पूरे गांडेय इलाके में मातम पसर गया है और परिजनों का रो-रोकर बुरा हाल है।


मृतकों की पहचान:

  •     अंश कुमार (15 वर्ष): पिता अनूप गुप्ता, निवासी- चौधरी टोला, गांडेय।
  •     श्रीयांश कुमार (12 वर्ष): पिता कैलाश राम, निवासी- चौधरी टोला, गांडेय।
  •     आदित्य वर्णवाल (14 वर्ष): पिता विक्की वर्णवाल, निवासी- चास, बोकारो।


रील बनाने के दौरान हुआ हादसा

जानकारी के अनुसार, मंगलवार शाम लगभग चार बजे गांडेय बाजार के गांधीनगर इलाके से पांच बच्चे तीन साइकिलों पर सवार होकर घूमने की बात कहकर निकले थे। 

मेढ़ो पुल के पास जयंती नदी में नहाने के दौरान बच्चे मोबाइल से रील बनाने लगे। इसी क्रम में वे एक-एक कर नदी के गहरे पानी में चले गए और डूबने लगे। 
 

अंधेरे के बीच गोताखोरों ने चलाया रेस्क्यू ऑपरेशन

gandey1

अपने साथियों को डूबता देख बाकी दो बच्चे डर के मारे शोर मचाते हुए गांव की तरफ भागे। बच्चों के भागने और शोर मचाने पर आसपास के ग्रामीण घटनास्थल की ओर दौड़े। 
 
सूचना मिलते ही गांडेय सीओ ओमप्रकाश बड़ाइक, इंस्पेक्टर कमलेश पासवान, थाना प्रभारी आनंद प्रकाश सिंह और एसआई अमित कुमार चौधरी पुलिस बल के साथ मौके पर पहुंचे। नदी किनारे बच्चों के कपड़े, साइकिलें और अन्य सामान बरामद हुए।
 
अंधेरा और नदी में अत्यधिक गहराई होने के कारण शुरुआत में स्थानीय स्तर पर रेस्क्यू में दिक्कत आई, जिसके बाद जिला रेस्क्यू टीम को बुलाया गया। 
 
करीब डेढ़ घंटे में पहुंची गोताखोरों की टीम ने एक-एक कर तीनों बच्चों के शवों को बाहर निकाला। पुलिस ने शवों को कब्जे में लेकर कागजी कार्रवाई शुरू कर दी है।

    

मेढ़ो के पास नदी नहाने आए गांडेय के तीन बच्चों की डूबने से मौत हुई है। तीनों के शवों को गोताखोरों की मदद से बरामद कर लिया गया है और पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेजने की प्रक्रिया की जा रही है।

-

आनंद प्रकाश सिंह, थाना प्रभारी, गांडेय