सड़क दुर्घटना में पुत्र की मौत, पिता घायल
देवरी (गिरिडीह) सुखलजोरिया के पास बुधवार को सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई
देवरी (गिरिडीह): सुखलजोरिया के पास बुधवार को सड़क दुर्घटना में एक व्यक्ति की मौत हो गई जबकि दूसरा व्यक्ति बुरी तरह घायल हो गया। मृतक की पहचान भेलवाघाटी थाना क्षेत्र के छेवासीमर निवासी 30 वर्षीय सुजीत सोरेन के रूप में की गई। वहीं घायल व्यक्ति मृतक के पिता 55 वर्षीय बलगू सोरेन बताए गए। उक्त दोनों पिता पुत्र एक बाइक से जमुई के चकाई थाना क्षेत्र के बिझागांव से अपने घर छेवासीमर लौट रहे थे। इसी बीच सुखलजोरिया के पास ट्रक की चपेट में आ जाने से पुत्र की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। वहीं घायल को इलाज के लिए 108 एंबुलेंस से सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र ले जाया गया जहां प्राथमिक उपचार के बाद बेहतर इलाज को उन्हें गिरिडीह भेज दिया गया। घटना से आक्रोशित ग्रामीणों ने उक्त मुख्य सड़क को जाम कर दिया। मौके पर पुलिस पहुंची और आक्रोशित लोगों को समझा बुझाकर जाम को हटाया। इसमें थाना के एएसआइ भरत दूबे, टी सेवइया सहित कई पुलिस के जवान मौजूद थे। शव को अपने कब्जे में लेकर पुलिस पोस्टमार्टम कराने की तैयारी में जुटी थी। ट्रक व बाइक को पुलिस ने अपने कब्जे में ले लिया। थाना प्रभारी संतोष कुमार ने इस घटना की पुष्टि की है।