सीबीआइ के जब्त कोयले को टपाने की जांच का आदेश
झारखंड पुलिस मुख्यालय ने गिरिडीह के ब्रम्हडीहा ओपनकास्ट माइंस से सीबीआई द्वारा जब्त कोयला को टपाने के मामले की जांच का आदेश गिरिडीह एवं धनबाद पुलिस को दिया है।
-कांग्रेस नेता संतोष सिंह के ट्वीट पर डीजीपी ने दिया आदेश
जागरण संवाददाता
गिरिडीह : झारखंड पुलिस मुख्यालय ने गिरिडीह के ब्रम्हडीहा ओपनकास्ट माइंस से सीबीआई द्वारा जब्त कोयला को टपाने के मामले की जांच का आदेश गिरिडीह एवं धनबाद पुलिस को दिया है। धनबाद के कांग्रेस नेता संतोष कुमार सिंह के ट्वीट पर झारखंड पुलिस के ट्विटर हैंडल से यह जवाब दिया गया है। गिरिडीह जिला पुलिस के ट्विटर हैंडल से बताया गया है कि मामले को संज्ञान में ले लिया गया है। सदर एसडीपीओ मामले की जांच कर रहे हैं।
कांग्रेस नेता संतोष कुमार सिंह ने मुख्यमंत्री एवं झारखंड पुलिस को ट्वीट कर ब्रम्हडीहा से सीबीआइ द्वारा जब्त दो हजार टन कोयला का अवैध तरीके से उठाने की जानकारी दी थी और कार्रवाई की मांग की थी। यहां हम आपको बता दें कि फर्जी कागजात दिखाकर ब्रम्हडीहा से जब्त कोयले को कई माह पहले ही टपा दिया गया है।