आम जनता लॉक, कोरोना होगा डाउन
- घरों में कैद हैं महिला-पुरुष बुजुर्ग और बच्चे बाहर निकलने से कर रहे परहेज - लोगों ने घर के मुख्य दरवाजा को अंदर से किया बंद किसी के भी प्रवेश पर लगाई रोक जागरण टीम गिरिडीह देशव्यापी लॉकडाउन
गिरिडीह : देशव्यापी लॉकडाउन दिनोदिन असरदार होने लगा है। चौथे दिन शनिवार को इसका व्यापक असर देखा गया। शहर से लेकर गांव तक सन्नाटा पसरा रहा। कुछ समय के लिए आवश्यक चीजों की दुकानें खुलीं उसके बाद बंद हो गई। पुलिस प्रशासन भी पूरी मुस्तैदी के साथ लॉकडाउन को शत प्रतिशत सफल बनाने में जुटी है।
कोरोना वायरस का खौफ लोगों में काफी बढ़ गया है। इस जानलेवा वायरस से बचने के लिए लोग हर उपाय कर रहे हैं। लॉकडाउन की घोषणा के साथ ही लेाग अपने-अपने घरों में कैद हो गए हैं। लोगों में इस महामारी का इस कदर खौफ हो गया है कि वे अंदर से अपने घर के मुख्य दरवाजा को बंद कर लिया है, ताकि आसपास के लोग भी अंदर न आ जाएं। बहुत जरूरी काम से ही घर के पुरुष सदस्य बाहर निकल रहे हैं, जबकि महिलाएं, बच्चे और बुजुर्ग सभी घर के अंदर ही कैद हो गए हैं। लॉकडाउन के चौथे दिन भी हर जगह व्यापक असर देखा गया। मुख्य सड़कों पर वीरानगी छाई थी।कुछ बाइक और चार पहिया वाहनों को भी चलते देखा गया, जो बहुत ही आवश्यक काम से बाहर निकले थे। पुलिस कर्मी जगह-जगह वाहनों की जांच कर रहे थे।
इधर, बाजारों और ग्रामीण क्षेत्रों में राशन, मेडिकल, सब्जी आदि की दुकानें खुलीं। दुकानों में भी लोग शारीरिक दूरी का पालन करते देखे गए। हर जगह पर्याप्त दूरी बनाकर लोग सामानों की खरीदारी कर रहे थे।