..ताकि कोई न रहे भूखा
जीआरडी - दैनिक जागरण ने शुरू की जरूरतमंदों और असहायों को खाद्य सामग्री उपलब्ध कराने की पहल - कई गरीब परिवारों को शिक्षकों ने दिया 15 दिनों का अनाज जल सहिया ने किया मास्क का वितरण जागरण सं
गिरिडीह : लॉकडाउन के कारण रोजी रोजगार छिन जाने से गरीब और असहाय लोगों को काफी परेशानियों का सामना करना पड़ रहा है। उनके समक्ष भोजन का संकट है। दैनिक जागरण ने ऐसे परिवारों को अनाज मुहैया काने की पहल शुरू की है, ताकि किसी को भूखा नहीं रहना पड़े। दैनिक जागरण की पहल पर शनिवार को सदर प्रखंड अंतर्गत महेशलुंडी व परवाटांड़ में कई गरीब परिवारों को झारखंड राज्य माध्यमिक शिक्षक संघ के सहयोग से 15 दिनों की खाद्य सामग्री दी गई। शिक्षक मुन्ना प्रसाद कुशवाहा व पपिया सरकार ने अनाज का वितरण किया।
जल सहिया पूर्णिमा देवी ने सभी के बीच मास्क वितरण किया और कोरोना से बचाव की जानकारी दी। शिक्षक कुशवाहा ने कहा कि आपदा की इस घड़ी में जरूरतमंदों को सहयोग करने के लिए सभी को आगे आना चाहिए। उन्होंने सभी सक्षम लोगों से गरीबों की मदद करने की अपील की है। अनाज वितरण में देवेंद्र प्रसाद सिंह, अमरेश कुमार, हेमंत कुमार, मनोज रजक, महेंद्र प्रसाद वर्मा आदि शिक्षकों का सहयोग रहा। मौके पर भाजपा नेता रंजन सिन्हा, शिक्षक सुरेश मंडल के अलावा गणेश ठाकुर आदि उपस्थित थे।