बच्चा चोर की अफवाह पर पांच युवकों को पुलिस ने पकड़ा
वैगनआर वाहन तेज रफ्तार से चलाना एवं तेज ध्वनि से बाजा बजाना बिहार के जमुई जिले के पांच युवकों को शुक्रवार को महंगा पड़ गया। बच्चा चोर समझ ग्रामीणों ने इनकी गाड़ी का बाइक से पीछा किया।
गिरिडीह : वैगनआर वाहन तेज रफ्तार से चलाना एवं तेज ध्वनि से बाजा बजाना बिहार के जमुई जिले के पांच युवकों को शुक्रवार को महंगा पड़ गया। बच्चा चोर समझ ग्रामीणों ने इनकी गाड़ी का बाइक से पीछा किया। ग्रामीणों से बचने के लिए करीब 30 किमी. तक बेतरतीब तरीके से गाड़ी चलाकर भागे। लेकिन अंतत: पुलिस ने उन्हें जमुई की सीमा से सटे गिरिडीह जिले के थानसिगडीह के पास टी प्वाइंट के पास पकड़ लिया। वाहन में जमुई के बोझाइल बगवंत तालाब रोड निवासी कारू यादव (26) रवि कुमार (22), राकेश कुमार (21) गणेश कुमार (28) व डागरु कुमार (19) सवार थे। सभी गिरिडीह जिले के झारखंडधाम से पूजा कर घर जमुई लौट रहे थे। देवरी के मंडरो के पास कुछ लोगों का शक हुआ कि उक्त गाड़ी में बच्चा चोर जा रहे हैं। उसके बाद ग्रामीणों ने उसका पीछा करना शुरू कर दिया। साथ ही पुलिस को भी इसकी सूचना दी गई। इसके बाद देवरी चौकी पुलिस ने भी वाहन का पीछा किया। थानसिगडीह ओपी थाना प्रभारी मनोज चौधरी को सेवाटांड़ पिकेट के कमांडर ने इसकी सूचना फोन पर दी। इसके बाद टी पाइंट पर उक्त वाहन को पुलिस ने रोक लिया। सभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की जा रही है।