घर से प्रतिबंधित मांस बरामद होने पर लोग उग्र
धनवार थाना क्षेत्र के धरमपुर निवासी मुस्तकीम उर्फ फागू मियां के घर में छापेमारी कर पुलिस ने मंगलवार को प्रतिबंधित मांस बरामद किया।
खोरीमहुआ : धनवार थाना क्षेत्र के धरमपुर निवासी मुस्तकीम उर्फ फागू मियां के घर में छापेमारी कर पुलिस ने मंगलवार को प्रतिबंधित मांस बरामद किया। उसके घर में गोकशी किए जाने की बात कही जा रही है। पुलिस ने ग्रामीणों से प्राप्त सूचना के आधार पर यह कार्रवाई की। यह खबर आग की तरह पूरे क्षेत्र में फैल गई। फागू मियां के टोले में लोगों की भीड़ उमड़ पड़ी। मोहल्ले से एक समुदाय के लोग फरार भी हो गए। विधि व्यवस्था को ध्यान में रख वहां बड़ी संख्या में पुलिस बल की तैनाती कर दी गई है। ग्रामीणों ने बताया कि दोपहर में गांव का एक व्यक्ति फागू मियां के घर खपड़ा लेने गया था। वहां उसने एक समुदाय के कुछ लोगों को प्रतिबंधित पशु का मांस काटते देखा और वापस लौट गया। यह बात उसने मुखिया प्रतिनिधि सरजू पासवान को बताई। पासवान कुछ लोगों के साथ घटनास्थल पर पहुंचे और जब मामले की तहकीकात शुरू की। इस बीच लोग उक्त मांस को छोड़कर पीछे के दरवाजे से भाग गए। घटना की जानकारी धनवार पुलिस को दी गई। सूचना मिलते ही धनवार थाना प्रभारी रूपेश कुमार सिंह तथा परसान ओपी प्रभारी आरके पांडेय दलबल के साथ धरमपुर पहुंचे और प्रतिबंधित मांस को जब्त कर लिया, जिसे जांच (पोस्टमार्टम) के लिए भेजने की तैयारी चल रही थी। कुछ ही देर बाद सीओ शशिकांत सिकर व पुलिस निरीक्षक विनय कुमार राम भी धरमपुर पहुंचे। पंचायत प्रतिनिधियों की मौजूदगी में कुछ घरों की तलाशी भी ली गई। हालांकि तीन-चार घरों में ताला बंद रहने के कारण उसकी तलाशी नहीं हो पाई।
ग्रामीण इस घटना में संलिप्त फागू मियां, जिबली मियां, अजीम मियां, बंडू मियां, महाबली मियां, अब्दुल मियां, जब्बार मियां, रफीक अंसारी, मुस्लिम अंसारी, इसराफिल, गफूर, सगीर अंसारी आदि की गिरफ्तारी की मांग को लेकर उग्र हो रहे थे। प्रशासन ने समुचित और त्वरित कार्रवाई करने का भरोसा दिया। इसके बाद लोगों का आक्रोश थमा। घनवार थाना प्रभारी सिंह ने कहा कि घटना की जानकारी दोपहर में मुखिया प्रतिनिधि ने दी। सूचना मिलते ही दलबल के साथ घटना स्थल पहुंचे, जहां प्रतिबंधित मांस फागू मियां के घर से बरामद किया गया। इसकी जांच चल रही है। जांच के बाद अग्रेतर कार्रवाई की जाएगी।