हक के लिए एकजुट हुए साक्षरताकर्मी, बुलंद की आवाज
शहर के विवाह भवन में झारखंड राज्य साक्षरता कर्मचारी संघ का प्रथम राज्य स्तरीय सांगठनिक सम्मेलन रविवार को किया गया जिसमें गिरिडीह के अलावा अन्य जिलों के साक्षरता कर्मियों ने भी भाग लिया।
गिरिडीह : शहर के विवाह भवन में झारखंड राज्य साक्षरता कर्मचारी संघ का प्रथम राज्य स्तरीय सांगठनिक सम्मेलन रविवार को किया गया, जिसमें गिरिडीह के अलावा अन्य जिलों के साक्षरता कर्मियों ने भी भाग लिया। कर्मियों ने एकजुटता दिखाते हुए अपनी मांगों को लेकर आवाज बुलंद की। सम्मेलन का नेतृत्व कर रहे एनओसीजीई के राष्ट्रीय संगठन सचिव अशोक कुमार सिंह ने कहा कि राज्य व केंद्र सरकार आपके साथ जो अन्याय किया है उसकी कीमत उसे चुकानी पड़ेगी। उन्होंने बकाया मानदेय का भुगतान व सेवा शर्त पर विचार करने के लिए साक्षरता कर्मियों को राज्य स्तरीय संगठन तैयार करने का सुझाव दिया। कहा कि यदि सरकार साक्षरता कर्मियों के साथ न्याय नहीं करती है तो हम निर्णायक आंदोलन के लिए बाध्य होंगे। सरकार ने पूरे सरकारी तौर-तरीके से साक्षरता कर्मियों की नियुक्ति की है। साक्षरता कर्मियों ने सरकार द्वारा सौंपे गए सभी कार्यों को ईमानदारी पूर्वक किया है। फिर भी उन्हें 31 मार्च 2018 से सरकार ने बेरोजगार करने का काम किया है।
इस दौरान बकाया मानदेय का अविलंब भुगतान करने, साक्षरता नीति की उपेक्षा समाप्त कर चरणबद्ध कार्यक्रम चलाने, साक्षरता कर्मी की मृत्यु होने पर अनुकंपा के आधार पर उसके आश्रित को नियोजित करने, नई शिक्षा नीति के नाम पर सेवा समाप्ति की साजिश बंद करने आदि मांगें की गईं। साथ ही चरणबद्ध आंदोलन को ले कार्यक्रम तय किए गए। इसके तहत 26 जुलाई को सभी उपायुक्त कार्यालय एवं 12 अगस्त को सभी सत्ताधारी विधायकों के आवास पर धरना देने, 19 अगस्त को मुख्यमंत्री के समक्ष व 10 सितंबर को शिक्ष मंत्री के आवास पर धरना देने का निर्णय लिया गया। मौके पर संघ के पदाधिकारियों का चयन किया गया, जिसमें संरक्षक अशोक कुमार सिंह, अध्यक्ष संजय कुमार सिंह, महामत्री अनिल कुमार वर्मा, कोषाध्यक्ष श्रवण कुमार, उपाध्यक्ष तैयब अंसारी, जयदेव राम, कलीम अंसारी व सुनीता कुमारी, संयुक्त मंत्री आशिक करमाली, संगठन मंत्री महेश मोदी को बनाया गया। राज्य सलाहकार बालेश्वर यादव व मीडिया प्रभारी नंदलाल पांडेय का चुना गया। अध्यक्षता जिलाध्यक्ष अशोक कुमार पांडेय ने की। मौके पर जुगलाल शर्मा, सच्चिदानंद तिवारी, अर्चना कुमारी, रेणु कुमारी, शबनम आरा, महेंद्र चौधरी, अजय शर्मा, डीपीएम अभिषेक कुमार सिन्हा, टुनटुन कुमार, गौतम कुमार महतो, दिनेश कुमार, मो. असलम अंसारी आदि उपस्थित थे।