पत्थर उत्खनन के खिलाफ ग्रामीणों ने किया हंगामा
प्रखंड के बेलवाना में खदान से पत्थरों का उत्खनन करने के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष नारायण यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने हंगामा किया।
तिसरी : प्रखंड के बेलवाना में खदान से पत्थरों का उत्खनन करने के विरोध में झारखंड मुक्ति मोर्चा प्रखंड अध्यक्ष नारायण यादव के नेतृत्व में ग्रामीणों ने हंगामा किया। वे लोग पत्थर का उत्खनन बंद करने की मांग कर रहे थे। जहां उत्खनन किया जाता है वह मुख्य सड़क से सटा है व उसके नजदीक कर्बला भी है। इससे तीन-चार सौ मीटर पर एक बड़ी आबादी का गांव भी स्थित है। इसके बाद भी किस आधार पर इसका लीज किया गया है यह ग्रामीणों की समझ से परे है। इससे मुख्य सड़क पर आवागमन करने में लोगों को परेशानी हो रही है। यादव ने कहा कि जिस खाता व प्लॉट पर लीज लिया गया है उस पर उत्खनन न कर दूसरे खाता व प्लॉट पर किया जा रहा है। जब ग्रामीण इसका विरोध करते हैं तो उन्हें झूठे मुकदमे में फंसाने की धमकी भी दी जाती है। इस दौरान तिसरी पुलिस के समझाने पर आंदोलनकारी शांत हुए। ग्रामीणों ने इसकी शिकायत उपायुक्त से करते हुए इसकी जांच की मांग की है।