पत्नी के चीत्कार से भर आईं लोगों की आंखें
अपनों के द्वारा संपत्ति को लेकर पति अमर सिंह की हत्या के बाद पत्नी रंजना सिंह के चीत्कार से घर से लेकर अस्पताल तक मौजूद लोगों की आंखे डबडबा गईं।
जासं, गिरिडीह: अपनों के द्वारा संपत्ति को लेकर पति अमर सिंह की हत्या के बाद पत्नी रंजना सिंह के चीत्कार से घर से लेकर अस्पताल तक मौजूद लोगों की आंखे डबडबा गईं। हत्या करने के बाद शव को लेकर परिजन सदर अस्पताल पहुंचे थे। यहां शव को देखने लोगों की काफी भीड़ जुट गई थी। इस जघन्य हत्या की खबर जिसने भी सुनी उसने इसकी कड़ी निदा की। पिता की मौत से आहत दोनों मासूम बच्चे हर आने जाने वालों की ओर टुकुर-टुकुर निहार रहे थे। अस्पताल परिसर में बिलखती हुई मृतक की पत्नी रंजना सिंह कभी पति के शव को देखने जाती तो कभी बाहर आकर बैठ जाती। रो-रोकर उसका बुरा हाल हो रहा था। वहीं घटना की जानकारी मिलने के बाद मृतक की सास बसंती देवी व परिवार के अन्य सदस्य भी पहुंचे। परिजनों की चीत्कार से अस्पताल परिसर का माहौल गमगीन हो गया। मृतक के दोनों मासूम बच्चे पिता की हत्या से मर्माहत हैं। पोस्टमार्टम के बाद शव को परिजनों को सौंप दिया गया।
- अस्पताल पहुंचे विधायक व अन्य, दिया सांत्वना: अमर सिंह की अपने ही भाई व भतीजे द्वारा की गई हत्या की खबर सुनकर विधायक निर्भय कुमार शाहाबादी सदर अस्पताल पहुंचे। वहां मौजूद मृतक की पत्नी व अन्य परिजनों को सांत्वना देते हुए हत्यारों को कड़ी सजा दिलाने का भरोसा दिलाया। विधायक के अलावा उपमहापौर प्रकाश सेठ, झामुमो नेता दिनेश यादव, सुदीव्य सोनू, दीपक यादव के अलावे अन्य पहुंचकर परिजनों को ढांढ़स बंधाया।
- परिवार के लोगों ने दिया घटना को अंजाम: घटना की जानकारी मिलने के बाद पचंबा थाना प्रभारी एसएन सिंह सदलबल घटना स्थल पहुंचे। वहां परिजनों व अन्य लोगों से घटना के बारे में जानकारी ली। तत्पश्चात सदर अस्पताल में शव का पोस्टमार्टम कराया गया। थाना प्रभारी ने बताया कि आपसी संपत्ति को लेकर अपने ही सगे परिवारों के बीच जघन्य हत्या की घटना को अंजाम दिया गया है। भाई व भतीजे ने मिलकर अमर सिंह की हत्या कुल्हाड़ी से कर दी है। सभी आरोपितों को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया गया है।