हर व्यक्ति कम से कम दो पौधे जरूर लगाएं
वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के तहत नदी महोत्सव सह पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को गावां रेंज की सिरसिया नदी के किनारे किया गया।
तिसरी (गिरिडीह) : वन पर्यावरण एवं जलवायु परिवर्तन विभाग के तहत नदी महोत्सव सह पौधरोपण कार्यक्रम का आयोजन शुक्रवार को गावां रेंज की सिरसिया नदी के किनारे किया गया। राजधनवार विधायक राजकुमार यादव व डीएफओ राजकुमार साह के नेतृत्व में ग्रामीणों व स्कूली बच्चों ने वहां सैकड़ों पौधे गाए। विधायक ने कहा कि दस साल में जितने जंगल बर्बाद हुए हैं उतने की भरपाई नहीं हो सकी है। इस कारण पेयजल की समस्या विकराल रूप लेती जा रही है। उन्होंने अपील की कि हर व्यक्ति कम से कम दो पौधा जरूर लगाएं। पेड़ पौधे ही पर्यावरण को संतुलित बनाकर रख सकते हैं। जंगल बर्बाद करने में सबसे बड़ी भूमिका ढिबरा में संलिप्त माफिया व जेसीबी निभाते हैं। रोजगार के नाम पर जंगल, भूमि व पहाड़ के कई एकड़ क्षेत्रफल को बर्बाद किया जा रहा है जिसे रोकना जरूरी है। ढिबरा यहां के मजदूरों का मुख्य रोजगार है, लेकिन इसकी आड़ में एक सौ से दो सौ फीट तक अवैध माइंस चल रही है जहां धड़ल्ले से जेसीबी का उपयोग हो रहा है। मजदूर दस से पंद्रह फीट से ज्यादा गहरा खोद नहीं कर पाते हैं। मजदूरों के साथ दोहरी नीति अपनाई जा रही है। मनमाने रूप से ढिबरा को माफिया खरीद रहे हैं। उन्होंने पूर्वी भाग के वन प्रमंडल पदाधिकारी से कहा कि ढिबरा को रोड में पकड़ लिया जाता है परंतु तिसरी थाना के ढिबरा माइंस में कार्रवाई के बाद भी माइंस चलती रहती है। गिरिडीह रूट में ढिबरा पकड़ा जाता है परंतु तिलैया रूट में धड़ल्ले से ढिबरा निकल रहा है। जंगल में यदि किसी की भी जेसीबी चलती है तो उसे पकड़कर मामला दर्ज किया जाए। जंगल को बर्बाद करने वालों पर कार्रवाई होनी चाहिए। मौके पर प्रमुख नीलम देवी, बीडीओ सुनील प्रकाश, रेंजर अनिल कुमार, विश्वनाथ प्रसाद, मुक्ति प्रसाद पन्ना, फोरेस्टर जीतनारायण सिंह, अशोक यादव, सिकंदर पासवान, पवन विश्वकर्मा, माले नेता प्रकाश यादव, सुरेश, मुरली बरनवाल सहित दर्जनों वनकर्मी व ग्रामीण मौजूद थे।