तिसरी के युवक की तमिलनाडु में मौत
तिसरी पंचायत के बुटबरिया गांव के 20 वर्षीय युवक प्रवीण हेंब्रम की मौत तमिलनाडु में काम करने के दौरान छत से गिरने से हो गई।
तिसरी (गिरिडीह) :तिसरी पंचायत के बुटबरिया गांव के 20 वर्षीय युवक प्रवीण हेंब्रम की मौत तमिलनाडु में काम करने के दौरान छत से गिरने से हो गई। इससे गांव में मातम छाया हुआ है। दूसरे मजदूर साथी को बचाने के कारण प्रवीण की जान चली गई। जानकारी के अनुसार तमिलनाडु में विगणेश मशरूम तैयार करने वाली कंपनी में एक माह से मजदूरी कर रहा था। पांच दिन पहले कंपनी में काम करने के दौरान एक मजदूर को मिर्गी आ गई। इससे वह छत से गिर गया। प्रवीण ने उसे बचा लिया, लेकिन खुद छत से नीचे पानी की टंकी पर गिर गया। इससे वह बुरी तरह घायल हो गया। आनन-फानन में स्थानीय अस्पताल में उसका इलाज कराया गया। हालत में सुधार हुई। बाद में अचानक उसकी मौत हो गई। मृतक के चचेरे भाई तिलक हेंब्रम ने बताया कि मृतक के चाचा बसंत हेंब्रम व गांव के और लोग वहां काम करते हैं। फिलहाल चाचा गांव में ही है। घटना की जानकारी घरवालों को घटना के बाद तुरंत दे दी गई थी। मृतक प्रवीण के पिता जगदीश हेंब्रम अपने परिजनों के साथ तमिलनाडु गए हैं। उसके शव को एंबुलेंस से घर लाया जा रहा है। मृतक की दादी व आसपास के लोग उसके इंतजार में घर के पास बैठे हुए हैं।