झारखंडः युवती से दुष्कर्म में दारोगा पुत्र समेत चार गिरफ्तार Giridih News
Misbehavior Case. झारखंड के गिरिडीह में प्रेमी के सामने ही प्रेमिका से दुष्कर्म के मामले में मुख्य आरोपित समेत चार को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है।
जागरण संवाददाता, गिरिडीह। घोड़थंबा ओपी क्षेत्र के कोदवारी गांव में प्रेमी के सामने ही प्रेमिका से दुष्कर्म और दोनों की बेरहमी से पिटाई करने के मामले के मुख्य आरोपित खूंटी जिले में पदस्थापित दारोगा जयनाथ यादव के पुत्र राजकुमार यादव समेत चार युवकों को पुलिस ने गिरफ्तार किया है। उसे एसडीपीओ राजीव कुमार के नेतृत्व में गठित टीम ने मंगलवार की रात साढ़े नौ बजे घोड़थंबा ओपी से कुछ दूर एक एक स्कूल परिसर से पकड़ा। उससे सख्ती से हुई पूछताछ में मिले सुराग पर कांड में शामिल तीन अन्य आरोपित भी दबोच लिए गए।
पकड़े गए तीनों आरोपितों में कोडरमा के बेको डगरनवा गांव के आलोक कुमार राय, विनोद कुमार राय व रामलखन राय शामिल हैं। मंगलवार की रात ही बेको डगरनवा गांव में भी एसडीपीओ, नवलशाही थाना प्रभारी आर प्रकाश ने छापेमारी कर तीनों को पकड़ा। सुबह पुलिस तीनों को लेकर राजधनवार थाना आई। घटना के वक्त राजकुमार ने जो पीली टीशर्ट पहनी थी, उसे उसके घर से बरामद किया गया। वायरल वीडियो में राजकुमार के शरीर पर पीली टीशर्ट थी।
एसपी सुरेंद्र कुमार झा ने बताया कि मंगलवार की रात आरोपित राजकुमार के बारे में पता लगा कि वह घोड़थंबा ओपी के समीप एक स्कूल परिसर में है। एसडीपीओ तुरंत पहुंचे और उसे गिरफ्तार किया। आरोपितों को न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया। वहां से जेल भेज दिया गया।
जानें, क्या है मामला
सोशल मीडिया में यह मामला वायरल हुआ था। तब दैनिक जागरण की टीम ने पड़ताल की। तब पता चला कि घोड़थंबा के जंगल में आधा दर्जन से अधिक युवकों ने प्रेमी युगल की पिटाई की थी।
इनमें से एक आरोपित ने प्रेमी के सामने ही दुष्कर्म किया था। मामला प्रकाश में आने के बाद पुलिस रेस हुई थी। दुष्कर्म करने वाले आरोपित की पहचान राजकुमार यादव के रूप में हुई थी।
जवान के साथ भिड़ गया था राजकुमार
बताते हैं कि राजकुमार को पुलिस जब गिरफ्तार करने पहुंची तो पुलिस को देखते ही उसने भागने का प्रयास किया। उसे काफी मशक्कत के बाद दबोचा गया था। इस क्रम में वह पुलिस के जवान के साथ भिड़ गया था। हथियार भी छीनने की कोशिश की थी।