गिरफ्तारी को लेकर माले ने थाना के समक्ष किया प्रदर्शन
अर्ध विक्षिप्त महिला के साथ 22 जून की रात हुए सामूहिक दुष्कर्म के आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार को भाकपा माले के नेतृत्व में थाना के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया गया।
बेंगाबाद (गिरिडीह) : अर्ध विक्षिप्त महिला के साथ 22 जून की रात हुए सामूहिक दुष्कर्म के आरोपितों की गिरफ्तारी की मांग को लेकर गुरुवार को भाकपा माले के नेतृत्व में थाना के समक्ष जोरदार प्रदर्शन किया गया। इसमें पीड़िता के गांव सहित आसपास की महिलाओं ने बढ़-चढ़कर भाग लिया। इसके पूर्व सर्कस मैदान में सभी एकत्रित होकर माले नेता राजेश यादव की अगुवाई में नारेबाजी करते हुए बेंगाबाद थाना गेट के पास पहुंचे। सभी गेट जाम कर कुछ देर के लिए वहीं बैठ गए। इस दौरान सामूहिक दुष्कर्म करने वाले दरिदों को गिरफ्तार करो, दुष्कर्मियों को बचाने की साजिश नहीं चलेगी, बेंगाबाद पुलिस की मनमानी नहीं चलेगी आदि नारे लगा रहे थे। माले नेता यादव ने कहा कि छोटे-मोटे मामले के आरोपितों को गिरफ्तार करने के लिए पुलिस तत्परता दिखाती है, जबकि एक अर्ध विक्षिप्त महिला के साथ सामूहिक दुष्कर्म करने वाले पुलिस की पकड़ से बाहर है। एक सप्ताह तक आरोपितों को नहीं पकड़ा जाता है तो अनिश्चित काल के लिए थाना में डेरा डालने का काम माले करेगी। एपवा नेत्री मीना देवी ने कहा कि भाजपा सरकार बेटी बचाओ बेटी पढ़ाओ का नारा देती है वहीं महिलाओं की सुरक्षा के प्रति गंभीर नहीं है। आरोपितों को जल्द गिरफ्तार नहीं किया गया तो महिलाएं खुद आगे आकर दोषियों की खबर लेंगी। प्रदर्शनकारियों के समक्ष माले नेताओं और थाना प्रभारी प्रशांत कुमार की वार्ता हुई, जिसमें थाना प्रभारी ने कहा कि आरोपितों की गिरफ्तारी निश्चित होगी। आरोपितों के क्षेत्र छोड़कर आरोपित भाग जाने के कारण गिरफ्तारी में विलंब हो रहा है। मौके पर शिवनंदन यादव, राजेंद्र मंडल, शम्भू ठाकुर, महताब अली मिर्जा, रामलाल मंडल, सुखदेव गोस्वामी, अजय दास, नवल किशोर सिंह, महेश वर्मा, नुनूबाबू सिंह, सावित्री देवी, रंजू देवी, अनीता देवी, चमेली देली आदि उपस्थित थे।