काम दिलाने के नाम पर आदिवासी लड़कियों को बेचनेवाला गिरफ्तार
गिरिडीह : गांव की भोली-भाली लड़कियों को काम दिलाने के नाम पर बहला-फुसलाकर दिल्ली ले जाक
गिरिडीह : गांव की भोली-भाली लड़कियों को काम दिलाने के नाम पर बहला-फुसलाकर दिल्ली ले जाकर बेचने का आरोपित जंगलपुरा निवासी सामवेल मरांडी को मुफस्सिल पुलिस ने गुरुवार को गिरफ्तार कर लिया। इस संबंध में अनुमंडल पुलिस पदाधिकारी मनीष टोप्पो ने शुक्रवार को मुफस्सिल थाना में बताया कि पीड़िता ने इस संबंध में आरोपित के खिलाफ मुफस्सिल थाना में प्राथमिकी दर्ज कराई थी। मामले की जांचोपरांत आरोपित की गिरफ्तारी के लिए पुलिस पदाधिकारियों की टीम का गठन किया गया। टीम में पुलिस अवर निरीक्षक मिथिलेश ¨सह व श्रवण कुमार के अलावे अन्य जवान शामिल थे। पुलिस की टीम लगातार छापेमारी करने में जुटी थी लेकिन आरोपित सामवेल घर से फरार होकर दिल्ली चला गया था। इसी क्रम में आरोपित के दिल्ली से वापस घर पहुंचने की गुप्त सूचना मिली। इसके आधार पर छापेमारी कर उसे जंगलपुरा स्थित घर से गिरफ्तार किया गया। उन्होंने बताया कि इस संबंध में पीड़िता ने आवेदन देकर कहा है कि सामवेल 16 अक्टूबर 2014 को काम करने के लिए पांच हजार रुपये महीना दिलाने की बात पर गांव की एक नाबालिग आदिवासी लड़की को दिल्ली ले गया था। वहां हर साल अस्सी हजार रुपये में उसे दूसरे के पास बेच देता था। जब वह घर आने की बात करती थी तो उसे कहा जाता था कि उसे 80 हजार रुपये में बेंच दिया गया है। इस दौरान चार साल तक उसे एक रुपये भी नहीं दी गई। इसी बीच उसकी तबीयत खराब हुई और उसका इलाज कराया गया। इलाज के बाद से उसके कमर के नीचे का अंग पूरी तरह से अपंग हो गया है। इसी हालत में आरोपित ने 3 जुलाई को उसे दिल्ली से जंगलपुरा में लाकर उसे छोड़ दिया। उसने प्राथमिकी में अपने साथ दुष्कर्म होने की भी आशंका जताई है। उसके आवेदन के आधार पर विभिन्न धाराओं के साथ-साथ पोक्सो एक्ट के तहत प्राथमिकी दर्ज की गई है। गिरफ्तार आरोपित से पूछताछ के बाद उसे न्यायिक दंडाधिकारी के समक्ष पेश किया गया जहां से न्यायालय के आदेश पर उसे जेल भेज दिया गया।
-दो को दिल्ली में बेच चुका है आरोपित:
काम के नाम पर दिल्ली ले जाकर लड़कियों को बेचने का आरोपित सामवेल ने पुलिस के समक्ष पूछताछ में अपनी संलिप्तता स्वीकार की है। उसने अब तक दो लड़कियों को उसने काम के नाम पर बहला फुसलाकर दिल्ली में बेचने की भी बात पुलिस को बताई है। पुलिस इन मामलों की तहकीकात में जुटी है। साथ ही इस धंधे में संलिप्त अन्य आरोपियों की गिरफ्तारी के प्रयास में लग गई है।