गढ़वा में नाबालिग से दुष्कर्म, आरोपी गिरफ्तार
लिस ने आरोपी युवक राजेंद्र कोरवा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया।
संवाद सूत्र, भंडरिया (गढ़वा)। थाना क्षेत्र के वनखेता जंगल में रविवार को एक नाबालिग लड़की के साथ दुष्कर्म का मामला प्रकाश में आया है। प्राथमिकी दर्ज कराए जाने के बाद पुलिस ने आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है।
इंस्पेक्टर सह थाना प्रभारी जयराम प्रसाद ने बताया कि रविवार को एक लड़की अपनी छोटी बहन के साथ जंगल में जलावन के लिए लकड़ी चुनने गई थी। इसी क्रम में भंडरिया गांव निवासी विनोद कोरवा का 19 वर्षीय पुत्र राजेंद्र कोरवा बड़ी बहन को धमकी देकर मारपीट करते हुए वहां से ले गया और दुष्कर्म की घटना को अंजाम दिया। छोटी बहन ने शोर मचाया, लेकिन सुनसान इलाका होने की वजह से कोई मदद को नहीं आया।
जानकारी मिलने के बाद परिजनों ने भंडरिया थाना में आरोपी युवक राजेंद्र कोरवा के विरुद्ध मारपीट करते हुए दुष्कर्म करने की प्राथमिकी दर्ज कराई। पुलिस ने तत्परता दिखाते हुए आरोपी युवक राजेंद्र कोरवा को गिरफ्तार कर जेल भेज दिया। वहीं, पीड़िता को मेडिकल जांच के लिए सदर अस्पताल गढ़वा भेजा गया।