Gadhawa: अलग-अलग घटना में किशोरी और महिला ने पिया कीटनाशक, दोनों की इलाज के दौरान मौत
Jharkhand Suicide गढ़वा जिले में कीटनाशक पीकर आत्महत्या करने के 2 अलग-अलग मामले सामने आए हैं। यहां एक किशोरी और एक महिला ने कीटनाशक पीकर कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पहला मामला श्रीबंशीधर नगर थाना क्षेत्र के एक गांव का है जहां एक किशोरी ने ।
संवाद सहयोगी, गढ़वा। झारखंड के गढ़वा जिले में कीटनाशक पीकर आत्महत्या करने के 2 अलग-अलग मामले सामने आए हैं। यहां एक किशोरी और एक महिला ने कीटनाशक पीकर कर अपनी जीवन लीला समाप्त कर ली। पहला मामला श्रीबंशीधर नगर थाना क्षेत्र के मंगरदह गांव का है, जहां एक किशोरी ने अपनी जान दी है।
क्या था आत्महत्या का कारण?
मृतका की पहचान सखीचंद राम की पुत्री रेखा कुमारी के रूप में हुई है। बताया गया कि रेखा मोबाइल फोन से किसी लड़के से बात करती थी।
इसकी जानकारी मिलने के बाद स्वजनों ने रेखा कुमारी को उक्त लड़के से बातचीत करने के लिए मना किया। इससे आक्रोशित होकर उसने ऐसा खौफनाक कदम उठा लिया।
परिजनों ने मुताबिक जैसे ही उसने कीटनाशक पिया उसकी तबीयत बिगड़ने लगी। स्वजनों ने उसे श्रीबंशीधर नगर अनुमंडलीय अस्पताल में भर्ती कराया था, जहां प्राथमिक उपचार के बाद उसकी स्थित गंभीर हो गई।
इसके बाद चिकित्सकों ने बेहतर इलाज के लिए सदर अस्पताल भेजा, जहां इलाज के दौरान ही उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने के बाद पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम कराकर मृतका के स्वजनों को सौंप दिया।
युवती ने कीटनाशक पीकर दी जान
इधर मेराल थाना क्षेत्र के लखेया गांव में भी कीटनाशक पीकर एक युवती ने जान दे दी। मृतका की पहचान अंबिका यादव की पत्नी 26 वर्षीय पूर्णिमा देवी के रूप में हुई है।
खरेलू विवाद के चलते आत्महत्या
जानकारी के अनुसार परिजनों से किसी घरेलू मामले को लेकर पूर्णिमा का झगड़ा हो गया और शुक्रवार को गुस्से में उसने कीटनाशक पी लिया।
इसके पश्चात स्वजनों ने उसे इलाज के लिए सदर अस्पताल में भर्ती कराया। प्राथमिक उपचार के बाद चिकित्सक ने उसकी गंभीर स्थिति को देखते हुए बेहतर इलाज के लिए रिम्स, रांची रेफर किया था।
परिजन उसे रांची ले जाने की तैयारी कर ही रहे थे कि इस दौरान उसकी मौत हो गई। इसकी सूचना मिलने पर पुलिस ने सदर अस्पताल पहुंचकर शव को अपने कब्जे में लिया। शनिवार को पुलिस ने शव का सदर अस्पताल में पोस्टमार्टम कराकर मृतका के स्वजनों को सौंप दिया।