विश्रामपुर में राज्यस्तरीय कुश्ती प्रतियोगिता आज से
- स्वास्थ्य मंत्री करेंगे तीन दिवसीय कुश्ती प्रतियोगिता का उदघाटन - आरसी विश्वविद्यालय परिसर में किया गया है आयोजन फोटो-जीएआरपी- 1
गढ़वा : रामचंद्र चंद्रवंशी विश्वविद्यालय, विश्रामपुर के प्रांगण में 26 अक्टूबर से तीन दिवसीय राज्यस्तीय कुश्ती प्रतियोगिता की शुरूआत होगी। प्रतियोगिता 28 अक्टूबर तक चलेगी। जिसमें पूरे राज्य के विभिन्न जिलों से 250 पुरूष एवं 100 महिला पहलवान भाग लेंगे। कार्यक्रम का उदघाटन सूबे के स्वास्थ्य मंत्री रामचंद्र चंद्रवंशी करेंगे। यह जानकारी आरसी विश्वविद्यालय के कुलाधिपति डा. ईश्वर सागर चंद्रवंशी ने पत्रकार वार्ता के दौरान दी। उन्होंने बताया कि कार्यक्रम की सारी तैयारी पूरी कर ली गई है। प्रतियोगिता में रोमण, ग्रिक एवं फ्री स्टाईल कुश्ती का आयोजन विभिन्न भार वर्ग के पहलवानों के बीच होगा। इस प्रतियोगिता के माध्यम से चयनित पहलवानों को अध्योध्या में आयोजित राष्ट्रीय कुश्ती प्रतियोगिता में शामिल होने का मौका मिलेगा। जबकि यहां से चयनित पहलवान गोवा में होने वाले 36 वें राष्ट्रीय खेल में शामिल हो सकेंगे। उन्होंने कहा कि आरसी विश्वविद्यालय परिसर में राज्यस्तीय कुश्ती प्रतियोगिता का आयोजन क्षेत्र के लिए गर्व का विषय है। यहां पहलवान, कोच एवं संबंधित पदाधिकारियों के रहने एवं खाने की व्यवस्था की गई है। पत्रकार वार्ता में भाजपा नेता ब्रजेश उपाध्याय उपस्थित थे।