गढ़वा में ऑटो पलटने से एक की मौत, आठ घायल
Road Accident in Gadhawa.झारखंड के गढ़वा में ऑटो पलटने से एक की मौत हो गई जबकि आठ अन्य घायल हो गए।
संवाद सूत्र, भवनाथपुर (गढ़वा)। थाना क्षेत्र के वनसानी गांव में शुक्रवार सुबह करीब चार बजे बराती से भरे ऑटो के पलटने से आठ लोग गंभीर रूप से घायल हो गए, जबकि एक की मौत घटनास्थल पर ही हो गई। उक्त सभी उत्तर प्रदेश के कोण थाना अंतर्गत सलईडीह से तिलक चढ़ाकर वापस भवनाथपुर थाना के अरसली दक्षिणी गांव के हेसलदाग लौट रहे थे।
जानकारी के अनुसार, लौटने के दौरान वनसानी गांव में ऑटो अनियंत्रित होकर गड्ढे में गिरने से दुर्घटना हुई। हादसे में लाला चेरो की घटनास्थल पर ही मौत हो गई, जबकि सुमर सिंह, सुनील कुमार, अरविंद सिंह, धर्मवीर सिंह, मदन चेरो, अर्जुन सिंह, रमेश चेरो व चतुर्गुण सिंह घायल हो गए। सभी घायलों को भवनाथपुर सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र में भर्ती कराया गया। जहां चिकित्सक डॉ. जफर हुसैन ने प्राथमिक उपचार के बाद रमेश चेरो व मदन सिंह की स्थिति गंभीर देख दोनों को बेहतर इलाज के लिए गढवा रेफर कर दिया। घटना की सूचना मिलने पर थाना प्रभारी चुनवा उरांव सामुदायिक स्वास्थ्य केंद्र पहुंचकर शव को कब्जे में लेकर पोस्टमार्टम के लिए सदर अस्पताल भेज दिया।
घटना के संबंध में बताया जा रहा है कि अरसली दक्षिणी के गंझू सिंह की लड़की का तिलक उत्तर प्रदेश के कोण थाना अंतर्गत सलइडीह में गया था। तिलक के पश्चात सुबह में वापसी के क्रम में वनसानी गांव के समीप दुर्घटना हुई। हादसे के बाद ऑटो चालक वहां फरार हो गया। पुलिस ऑटो को जब्त कर थाना ले आई है। इस घटना से मृतक के परिजन का रो-रोकर बुरा हाल है। शादी समारोह की खुशी अचानक से गम में बदल गई।
दुर्घटना में सभी घायल अरसली दक्षिणी के हेसलदाग गांव के ही थे। मृतक लाला चेरो, गंझू सिंह का बहनोई बताया जाता है। वह केतार थाना के परती गांव का निवासी था।
लोकसभा चुनाव और क्रिकेट से संबंधित अपडेट पाने के लिए डाउनलोड करें जागरण एप